चुनावी हार के बाद ट्रंप का अलग अंदाज! 41 मिनट तक बॉलरूम की तारीफ, फिर ईरान युद्ध पर दिया बयान

वॉशिंगटन। अमेरिका में 2026 के मध्यावधि चुनाव के नतीजों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी को बढ़त मिलने के बाद सबकी नजर ट्रंप के पहले सार्वजनिक बयान पर थी लेकिन बुधवार को जब वह मीडिया के सामने आए तो उनका अंदाज कुछ अलग नजर आया। उन्होंने चुनावी हार पर बात करने से पहले व्हाइट हाउस में बन रहे नए बॉलरूम का दौरा कराया। इस दौरान करीब 41 मिनट तक उन्होंने इमारत की बनावट और दूसरी योजनाओं के बारे में बताया। बाद में उन्होंने ईरान युद्ध को चुनावी नुकसान से जुड़ा माना।
हार के बाद भी बॉलरूम की चर्चा करते रहे ट्रंप
चुनाव के नतीजों के अगले दिन ट्रंप व्हाइट हाउस में बन रहे नए बॉलरूम के निर्माण स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों को भवन की खासियतों के बारे में बताया। हाथ में माइक लेकर उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पत्थरों, ऊंची छत और बड़े स्तंभों की जानकारी दी। ट्रंप ने बताया कि बॉलरूम में इटली के संगमरमर का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगले सप्ताह यहां चूना पत्थर के स्तंभ लगाए जाएंगे। करीब 41 मिनट तक चली इस बातचीत में उन्होंने वाशिंगटन की दूसरी निर्माण योजनाओं का भी जिक्र किया।
बॉलरूम के नीचे पांच मंजिला बंकर बनाने का दावा
ट्रंप ने इस परियोजना की एक और खास बात बताई। उनके मुताबिक, बॉलरूम के नीचे पांच मंजिल गहराई में एक सुरक्षित बंकर बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे वाशिंगटन की सबसे सुरक्षित जगह बताया। इसके अलावा उन्होंने व्हाइट हाउस में बने नए हेलिपैड और शहर में चल रहे दूसरे निर्माण कार्यों की जानकारी भी दी। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे चुनावी नतीजों पर सवाल किए, लेकिन शुरुआत में उनका ध्यान निर्माण कार्यों पर ही रहा।
ईरान युद्ध को चुनावी हार की वजह माना
जब पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या ईरान के साथ युद्ध की वजह से रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान हुआ है, तो उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की बात से काफी हद तक सहमति जताई। ट्रंप ने कहा कि युद्ध के कारण कुछ समय के लिए पेट्रोल की कीमतें बढ़ीं, जिसका असर मतदाताओं पर पड़ा हो सकता है। हालांकि, उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का बचाव भी किया। उनका कहना था कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना जरूरी है। उन्होंने साफ कहा कि अगर उन्हें दोबारा फैसला लेने का मौका मिले, तो वह फिर यही कदम उठाएंगे।
डेमोक्रेट्स को बढ़त, रिपब्लिकन के सामने नई चुनौती
मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी को कांग्रेस के दोनों सदनों में बढ़त मिली। उपलब्ध चुनावी अनुमानों के मुताबिक, प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स को 229 सीटें मिलने की बात सामने आई, जबकि बहुमत के लिए 218 सीटों की जरूरत होती है। सीनेट में भी डेमोक्रेट्स को बढ़त मिली। इस नतीजे के बाद ट्रंप के सामने विपक्षी पार्टी के साथ काम करने की चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि वह डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं, बशर्ते वे नुकसान पहुंचाने वाले फैसले न लें।
टेक्सास से ओहायो तक ट्रंप को झटका, तीनों करीबी उम्मीदवार चुनाव हारे
व्हाइट हाउस की पोस्ट में लिखा- नेवर सरेंडर
चुनावी नतीजों के बीच व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रंप की एक तस्वीर साझा की। इसके साथ 'नेवर सरेंडर' यानी कभी हार मत मानो का संदेश लिखा गया। इस पोस्ट को चुनावी हार के बाद ट्रंप के समर्थन में दिए गए संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, ट्रंप ने दावा किया कि अगर वह खुद चुनाव लड़ रहे होते तो रिपब्लिकन पार्टी जीत सकती थी। उन्होंने कहा कि उनकी रैलियों में लोगों का उत्साह काफी ज्यादा था लेकिन यह समर्थन पार्टी के दूसरे उम्मीदवारों तक नहीं पहुंच पाया।




















