चुनावों में पहली बार: अब्दुल अल-सैयद बने अमेरिकी सीनेट के पहले मुस्लिम सीनेटर, पहली बार अश्वेत महिला गवर्नर, नेटिव अमेरिकन महिला गवर्नर और LGBTQ नेता सीनेट के लिए चुने गए

वॉशिंगटन। डेमोक्रेट अब्दुल अल-सैयद ने मिशिगन में अमेरिकी सीनेट सीट की दौड़ में रिपब्लिकन माइक रोजर्स को हरा दिया है। यह जीत पूर्व जन स्वास्थ्य अधिकारी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने डॉक्टर के रूप में प्रशिक्षण लेने के बाद राजनीति में कदम रखा था। इस जीत के साथ, अल-सैयद अमेरिकी सीनेट के लिए चुने जाने वाले पहले मुस्लिम बनकर इतिहास रच दिया है। अल-सैयद ने 'यूनिवर्सल हेल्थकेयर' (सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा) और सरकारी जवाबदेही पर केंद्रित एजेंडे के साथ चुनाव प्रचार किया था। उन्होंने देश के प्रमुख राजनीतिक रणक्षेत्रों में से एक में हुए इस कड़े मुकाबले में जीत हासिल की।उनकी यह जीत एक ऐसे डेमोक्रेटिक प्राइमरी चुनाव के बाद मिली है, जिसमें काफी खींचतान देखने को मिली थी।
राजनीतिक व्यवस्था की कमियां स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनीं
अगस्त 2026 में हुए इस चुनाव में उन्होंने पार्टी नेतृत्व का समर्थन पाने वाली कांग्रेसवुमन हेली स्टीवंस को बहुत कम अंतर से हराया था।मिशिगन की इस चुनावी दौड़ ने पूरे देश का ध्यान खींचा था, क्योंकि डेमोक्रेट्स सीनेट पर फिर से अपना नियंत्रण हासिल करने की कोशिश कर रहे थे। रोजर्स, जो पूर्व कांग्रेस सदस्य और 'हाउस इंटेलिजेंस कमिटी' के अध्यक्ष रह चुके हैं, सीनेट सीट जीतने की दूसरी कोशिश कर रहे थे। इससे पहले 2024 में, वे डेमोक्रेट एलिसा स्लॉटकिन से 20,000 से भी कम वोटों के अंतर से हार गए थे।अल-सैयद के लिए, यह जीत उस राजनीतिक सफर का एक अहम पड़ाव है, जिसकी शुरुआत चिकित्सा क्षेत्र से हुई थी। उनकी चुनाव प्रचार वेबसाइट के अनुसार, उन्होंने शुरुआत में डॉक्टर बनने के लिए प्रशिक्षण लिया था, लेकिन बाद में उन्हें लगा कि राजनीतिक व्यवस्था की कमियां ही लोगों की स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन रही हैं।
यह जीत आप सबकी है : अल-सैयद
अल-सैयद ने घोषणा की- मिशिगन, हमने कर दिखाया! उन्होंने गहरी कृतज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें सीनेटर-इलेक्ट (चुने गए सीनेटर) बनने पर "बहुत गर्व और सम्मान" महसूस हो रहा है। उन्होंने अपने चुनाव अभियान के दौरान आई कठिन चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने भीड़ से कहा- आप लोगों ने एक ऐसे उम्मीदवार पर भरोसा जताया, जिसके जीतने की उम्मीद सबसे कम थी, इसलिए आप सभी का धन्यवाद। उन्होंने आगे कहा-यह जीत आप सबकी है। अपने चुनाव अभियान को याद करते हुए, अल-सैयद ने उन मतदाताओं को धन्यवाद दिया जिन्होंने उनके लिए अपने चर्च, सिनेगॉग (यहूदी प्रार्थना स्थल) और घर के दरवाजे खोल दिए थे।
चुनावों में कई ऐतिहासिक घटनाएं देखने को मिली हैं
उम्मीदवारों ने देश भर में गवर्नर और सीनेट के चुनावों में लंबे समय से चली आ रही बाधाओं को तोड़ा है। डेमोक्रेट कीशा लांस बॉटम्स, डेब हालैंड, जीना हिनोजोसा और एमी क्लोबुचर ने गवर्नर के चुनावों में जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है, जबकि पैगी फ्लैनागन और क्रिस पैपास ने सीनेट में नई मिसाल कायम की है। इन नतीजों में अमेरिकी इतिहास में पहली अश्वेत महिला गवर्नर, किसी राज्य का नेतृत्व करने वाली पहली मूल अमेरिकी (नेटिव अमेरिकन) महिला, टेक्सास की पहली लैटिना गवर्नर और अमेरिकी सीनेट के लिए चुने गए पहले खुले तौर पर समलैंगिक (गे) व्यक्ति का चुनाव शामिल है। रिपब्लिकन बायरन डोनाल्ड्स फ्लोरिडा के पहले अश्वेत गवर्नर भी बन गए हैं। ये जीतें अमेरिकी राजनीति में प्रतिनिधित्व के लिहाज से एक अहम पड़ाव हैं, खासकर उन समुदायों के लिए जिन्हें ऐतिहासिक रूप से निर्वाचित पदों पर बहुत कम प्रतिनिधित्व मिला है।




















