Guna News : श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बच्ची समेत दो की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल

गुना। राजस्थान में गूगोर वाली माता के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली गुना जिले के फतेहगढ़ इलाके में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग और एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ये घटना गुरुवार सुबह 11:30 बजे के करीब हुई, जब गुना जिले के कंचनपुरा गांव के करीब 40 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर राजस्थान के बारां जिले स्थित गूगोर वाली माता मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान जैसे ही वाहन किशनपुरा के पास एक मोड़ पर पहुंचा, अचानक ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कई श्रद्धालु ट्रॉली के नीचे दब गए, जिससे अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। राहत एवं बचाव कार्य में ग्रामीणों के साथ पुलिस की टीम ने घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं का इलाज जारी है, जबकि कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर किशोर कुमार कान्याल, पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिंहा, एडीएम अखिलेश जैन और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।






















