Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

डिवाइडर से टकराते ही धू-धू कर जली कार, जिंदा जले मशहूर न्यूरोसर्जन, VIDEO आया सामने

तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। खम्मम-हैदराबाद हाईवे पर पिल्लामरी के पास एक तेज रफ्तार Volvo कार डिवाइडर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई।
डिवाइडर से टकराते ही धू-धू कर जली कार, जिंदा जले मशहूर न्यूरोसर्जन, VIDEO आया सामने
खम्मम-हैदराबाद हाईवे पर हुए हादसे में न्यूरोसर्जन डॉ. कासकुर्ती जगदीश की मौत

तेलंगाना के सूर्यापेट जिले से रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। खम्मम-हैदराबाद हाईवे पर हुए इस हादसे में हैदराबाद के रहने वाले न्यूरोसर्जन डॉ. कासकुर्ती जगदीश की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि उनकी कार में टक्कर के तुरंत बाद आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। यह हादसा रविवार सुबह करीब 7:15 बजे सूर्यापेट के पिल्लामरी इलाके के पास हुआ। डॉक्टर अपनी Volvo कार से खम्मम से हैदराबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी कार बेकाबू हो गई और सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई।

डिवाइडर से टकराते ही कार में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, कार काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसा देखा तो तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। राहगीरों ने आग बुझाने और डॉक्टर को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उनके लिए कार के पास जाना मुश्किल हो गया।

सिंगरौली कॉलेज में बड़ा हादसा टला, क्लास के दौरान छात्राओं पर गिरा सीलिंग फैन

दमकल के पहुंचने से पहले जलकर खाक हुई कार

सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक आग ने कार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। फायर फाइटर ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कार की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था। पुलिस ने वाहन की जांच की और अंदर से शव बरामद किया। डॉक्टर की मौत आग में झुलसने और दम घुटने की वजह से होने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत की वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद ही होगी।

कार के नंबर से हुई डॉक्टर की पहचान

हादसे के बाद पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की। मृतक की पहचान डॉ. कासकुर्ती जगदीश के रूप में हुई है। डॉ. जगदीश खम्मम के ममता अस्पताल में न्यूरोसर्जन के तौर पर काम कर रहे थे। वह चिकित्सा क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। हादसे के समय वह खम्मम से हैदराबाद की ओर जा रहे थे। बताया गया है कि वह अपना काम पूरा करने के बाद परिवार से मिलने के लिए हैदराबाद लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने उनकी जिंदगी खत्म कर दी।

मुंबई में तेज रफ्तार BMW का भीषण एक्सीडेंट, 3 की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

क्या झपकी आने की वजह से हुआ हादसा?

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार चलाते समय डॉक्टर को झपकी आ गई होगी। इसी वजह से वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाए और कार डिवाइडर से टकरा गई। हालांकि, पुलिस ने अभी इसे हादसे की अंतिम वजह नहीं माना है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के पीछे की सही वजह पता लगाने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है।

फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

हादसे की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार और घटनास्थल से जरूरी नमूने और जले हुए अवशेष जुटाए हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे से ठीक पहले कार की स्थिति क्या थी और क्या किसी तकनीकी खराबी की वजह से वाहन अनियंत्रित हुआ था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts