Spam Calls ने कर रखा है परेशान? मिल गया छुटकारा, TRAI ऐप से चंद सेकंड में दर्ज होगी शिकायत

अगर आपके फोन पर भी बार-बार अनचाही प्रमोशनल कॉल्स और स्पैम मैसेज आते हैं तो हर बार नंबर ब्लॉक करना इसका सही समाधान नहीं है। स्पैमर नए नंबर से दोबारा कॉल कर सकते हैं। ऐसे में आप TRAI DND ऐप की मदद से सीधे स्पैम कॉल या मैसेज की शिकायत कर सकते हैं। जानिए यह ऐप कैसे काम करता है और शिकायत कैसे दर्ज करें।
सिर्फ नंबर ब्लॉक करना क्यों काफी नहीं?
किसी नंबर को फोन से ब्लॉक करने पर उस नंबर से आने वाली कॉल या मैसेज आपके फोन तक नहीं पहुंचेंगे। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि स्पैमर की गतिविधि बंद हो गई। कई बार स्पैमर नया नंबर इस्तेमाल करके फिर से कॉल करना शुरू कर देते हैं। इसलिए TRAI लोगों को केवल नंबर ब्लॉक करने के बजाय स्पैम की शिकायत दर्ज कराने की सलाह देता है।
ये भी पढ़ें: भोपाल में अस्पताल से हथकड़ी समेत फरार हुआ बंदी, प्रहरी से मारपीट के बाद लगाई दौड़
TRAI DND ऐप से क्या होगा?
TRAI DND ऐप के जरिए यूजर्स अपने फोन से ही अनचाही कॉल और मैसेज की शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत मिलने के बाद संबंधित मामलों पर कार्रवाई के लिए जानकारी का इस्तेमाल किया जाता है। TRAI के मुताबिक, यूजर्स की शिकायतों के आधार पर अब तक 21 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबर और करीब एक लाख कंपनियों को ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है। इसका मतलब है कि ज्यादा लोग अगर स्पैम की शिकायत करेंगे तो ऐसे नंबरों और कंपनियों पर कार्रवाई करना आसान होगा।
नया वर्जन हुआ ज्यादा आसान
TRAI ने फरवरी 2026 में अपने DND ऐप का नया और अपग्रेडेड वर्जन लॉन्च किया था। इसमें यूजर्स के लिए इंटरफेस को पहले से आसान बनाया गया है। ऐप में कई भाषाओं का सपोर्ट, तेजी से शिकायत दर्ज करने और शिकायत का स्टेटस देखने जैसी सुविधाएं दी गई हैं। सबसे खास बात यह है कि अब यूजर्स अपने कॉल लॉग या मैसेज लिस्ट से सीधे स्पैम की शिकायत कर सकते हैं। इससे बार-बार नंबर कॉपी करके शिकायत दर्ज करने की जरूरत कम हो जाती है।
ये भी पढ़ें: देशभक्ति के रंग में रंगा गुना, पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, एसपी ने दिखाई हरी झंडी
Android और iPhone दोनों में कर सकते हैं डाउनलोड
TRAI DND ऐप को एंड्रॉइड और आईफोन, दोनों तरह के फोन में डाउनलोड किया जा सकता है। इसके लिए अपने फोन के गूगल प्ले स्टोर या एप्पल एप स्टोर पर जाकर TRAI DND ऐप सर्च कर सकते हैं। अगर आपको बार-बार स्पैम कॉल या मैसेज परेशान कर रहे हैं तो सिर्फ नंबर ब्लॉक करने के बजाय उनकी शिकायत भी दर्ज करें। इससे संबंधित नंबर या संस्था के खिलाफ कार्रवाई के लिए जानकारी सिस्टम तक पहुंचती है।












