🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

भोपाल में अस्पताल से हथकड़ी समेत फरार हुआ बंदी, प्रहरी से मारपीट के बाद लगाई दौड़

भोपाल के हमीदिया अस्पताल के मनोरोग वार्ड से केंद्रीय जेल का बंदी सोहेल खान प्रहरी से मारपीट के बाद हथकड़ी समेत फरार हो गया। CCTV में आरोपी के भागने की घटना कैद हुई है।
Follow on Google News
भोपाल में अस्पताल से हथकड़ी समेत फरार हुआ बंदी, प्रहरी से मारपीट के बाद लगाई दौड़
भोपाल में अस्पताल से हथकड़ी समेत फरार हुआ बंदी

भोपाल के हमीदिया अस्पताल से गुरुवार सुबह केंद्रीय जेल का एक बंदी सुरक्षा में तैनात प्रहरी के साथ मारपीट करने के बाद हथकड़ी समेत फरार हो गया। आरोपी ने भागने से पहले वार्ड का दरवाजा बंद कर दिया और अस्पताल परिसर से निकल गया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। फरार बंदी की पहचान सोहेल खान पुत्र वाहिद खान के रूप में हुई है। उसे बुधवार शाम धारा 151 के तहत एसीपी टीटी नगर अंकित खतरकर के आदेश पर जेल भेजा गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। जेल में उसके व्यवहार को संदिग्ध बताया गया था और वह अन्य बंदियों के प्रति आक्रामक व्यवहार कर रहा था।

मानसिक स्थिति को देखते हुए हमीदिया लाया गया था

जेल प्रबंधन के अनुसार, सोहेल खान की मानसिक स्थिति को लेकर भी परेशानी सामने आई थी। इसी वजह से गुरुवार सुबह उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल के मनोरोग विभाग में ले जाया गया था। यहां सुरक्षा के लिए जेल प्रहरी सतीश धाकड़ भी उसके साथ मौजूद थे। इलाज के दौरान अचानक आरोपी ने प्रहरी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वह हथकड़ी समेत वहां से भाग निकला। आरोपी के फरार होने के बाद अस्पताल और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में अब 24 घंटे खुलेंगी दुकानें और होटल-मॉल, कर्मचारियों के काम के घंटे तय

CCTV में कैद हुई फरारी

बंदी के भागने की पूरी घटना अस्पताल के CCTV कैमरे में भी कैद हुई है। फुटेज में मनोरोग वार्ड में मरीजों की भीड़ के बीच प्रहरी और सोहेल खान को लाइन में खड़े देखा जा सकता है। इसी दौरान आरोपी नीचे झुकता है और हथकड़ी के साथ निकलने की कोशिश करता है। इसके बाद वह अपनी चप्पल हाथ में लेकर अचानक दौड़ लगा देता है। वार्ड से बाहर निकलते समय वह दरवाजा भी बंद कर देता है।  प्रहरी ने आरोपी का पीछा किया। उसके साथ मौजूद महिला जेल पुलिसकर्मी ने भी उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन आरोपी तेजी से भागने में सफल रहा। भागते समय उसने चप्पलें भी रास्ते में फेंक दीं।

ये भी पढ़ें: बालाघाट में रहस्यमयी बीमारी से 7 बच्चों की मौत: बुखार, चकत्ते के लक्षण; पुणे भेजे सैंपल

संभावित ठिकानों पर तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों के साथ आसपास के इलाकों में भी सर्चिंग की जा रही है। कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर के मुताबिक जेल प्रशासन की ओर से बंदी के फरार होने की सूचना दी गई है। सूचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के फरार होने की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की भी जानकारी जुटा रही है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

icon

Latest Posts