Tesla साइबरट्रक होगा बंद! मस्क ने किया बड़ा ऐलान, 2027 तक टेक्सास गीगाफैक्ट्री में रुकेगा प्रोडक्शन, अब आएगी Cybercab Robotaxi

ऑस्टिन (टेक्सास)। टेस्ला के CEO एलन मस्क ने घोषणा की है कि कंपनी 2027 के मध्य तक टेक्सास स्थित अपनी गीगाफैक्ट्री में साइबरट्रक का निर्माण बंद कर देगी। X पर एक पोस्ट में मस्क ने कहा कि कंपनी इस स्टेनलेस-स्टील पिकअप ट्रक का उत्पादन कम कर रही है ताकि 'साइबरकैब' रोबोटैक्सी के लिए जगह बनाई जा सके। मस्क ने यह नहीं बताया कि क्या इस ट्रक को कहीं और बनाया जाएगा। टेक्सास ही एकमात्र ऐसा प्लांट है जहां इसका निर्माण होता है और इसकी स्टील बॉडी के लिए विशेष उपकरणों की आवश्यकता होती है। इसलिए इसके उत्पादन को कहीं और शिफ्ट करना काफी महंगा पड़ेगा। इस प्रोजेक्ट के लीड इंजीनियर वेस मॉरिल ने X पर लिखा कि साइबरट्रक "साइबरकैब के जरिए आगे भी जीवित रहेगा, जिससे इसके पूरी तरह बंद होने का संकेत मिलता है।
मस्क बोले - यह टेस्ला का सबसे बेहतरीन वाहन है
जब एक प्रशंसक ने इसे टेस्ला का अब तक का सबसे बेहतरीन वाहन बताया, तो मस्क ने जवाब दिया- यह सच है, साइबरट्रक का बेड़ा (फ्लीट) लंबे समय तक मौजूद रहेगा। मस्क ने खुद भी इसे टेस्ला का अब तक का सबसे बेहतरीन उत्पाद बताया है - उन्होंने 2019 की अर्निंग्स कॉल में और फिर इस साल अप्रैल में भी ऐसा ही दावा किया था। गौरतलब है कि शुक्रवार को टेस्ला के शेयरों में 4% से अधिक की तेजी आई है।
बिक्री लक्ष्य से काफी पीछे रह गया साइबरट्रक
मस्क को कभी उम्मीद थी कि साइबरट्रक की सालाना 2,50,000 यूनिट्स बिकेंगी और 2023 के अंत तक उन्होंने दावा किया था कि इसके लिए 10 लाख से अधिक रिजर्वेशन मिल चुके हैं। इनमें से बहुत कम ही वास्तविक बिक्री में बदल पाए। कॉक्स ऑटोमोटिव के अनुमान के अनुसार 2025 में टेस्ला ने अमेरिका में 20,237 यूनिट्स बेचीं जो 2024 की 38,965 यूनिट्स के मुकाबले 48% कम है। मोटर इंटेलिजेंस के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में अमेरिका में केवल 1,914 यूनिट्स ही रजिस्टर हुईं।




















