Microsoft Outage: 12 घंटे तक ठप रहीं Outlook और Teams जैसी सर्विसेज, क्या AI की मदद से हुआ साइबर अटैक?

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की कई सेवाओं में आई तकनीकी गड़बड़ी ने दुनियाभर के यूजर्स और कंपनियों की परेशानी बढ़ा दी। Outlook, Microsoft 365, Teams, OneDrive, SharePoint और AI असिस्टेंट Copilot जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं। कई यूजर्स को ईमेल भेजने, इनबॉक्स खोलने और ऑनलाइन मीटिंग करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
यह आउटेज 12 नवंबर को शुरू हुआ और इसका असर भारत समेत कई देशों में देखने को मिला। Downdetector पर Outlook को लेकर शिकायतें तेजी से बढ़ीं और एक समय करीब 1.30 लाख यूजर्स ने परेशानी की रिपोर्ट की। इस बीच सोशल मीडिया पर साइबर अटैक की आशंका भी जताई जाने लगी। कुछ चर्चाओं में दावा किया गया कि शक्तिशाली AI मॉडल्स की मदद से माइक्रोसॉफ्ट के सिस्टम को निशाना बनाया गया हो सकता है।
हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी शुरुआती जांच में साइबर हमले या किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के संकेत मिलने से इनकार किया है। कंपनी के मुताबिक, समस्या उसके सर्वर और नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी थी। ऐसे में सवाल है कि आखिर एक तकनीकी गड़बड़ी ने इतनी सारी सेवाओं को कैसे प्रभावित कर दिया?
सोशल मीडिया पर क्यों उठी साइबर अटैक की आशंका?
माइक्रोसॉफ्ट की कई सेवाओं का एक साथ प्रभावित होना यूजर्स के लिए चिंता का विषय बन गया। सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि क्या किसी हैकर ने कंपनी के सिस्टम में सेंध लगाई है? इस चर्चा को AI के पावरफुल मॉडल्स ने भी हवा दी। फेबल और मिथोस जैसे एडवांस AI मॉडल्स के आने के बाद साइबर सिक्योरिटी को लेकर नई चिंताएं सामने आई हैं। माना जा रहा है कि ऐसे मॉडल्स सुरक्षा से जुड़ी कमजोरियों (लूपहोल) को तेजी से खोज सकते हैं। इनका इस्तेमाल साइबर सिक्योरिटी टेस्टिंग के साथ-साथ गलत इरादे से भी किया जा सकता है। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट की इस आउटेज में AI मॉडल्स के इस्तेमाल या साइबर हमले का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है। इसलिए इस गड़बड़ी को AI आधारित साइबर अटैक बताना फिलहाल सही नहीं होगा।
क्या सच में Microsoft पर हुआ साइबर अटैक?
माइक्रोसॉफ्ट के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट चार्ल्स लामाना ने कहा कि कंपनी को फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो कि आउटेज किसी साइबर हमले या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि का नतीजा था। उन्होंने इस परेशानी के लिए ग्राहकों से माफी भी मांगी। कंपनी के सर्विस स्टेटस अपडेट में भी कहा गया कि शुरुआती जांच में किसी गलत इरादे से की गई गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। माइक्रोसॉफ्ट प्रभावित सर्वर की जांच और नेटवर्क से जुड़े बदलावों के जरिए सेवाओं को बहाल करने में जुटी रही।
ध्यान देने वाली बात है कि किसी सर्विस का बंद होना और उस पर साइबर हमला होना दो अलग-अलग स्थितियां हैं। साइबर अटैक की पुष्टि के लिए अनधिकृत पहुंच, डेटा चोरी, मैलवेयर या दूसरी संदिग्ध गतिविधियों के सबूत जरूरी होते हैं। फिलहाल कंपनी ने ऐसे किसी सबूत की जानकारी नहीं दी है।
आखिर Microsoft के सिस्टम में क्या खराबी आई?
माइक्रोसॉफ्ट के शुरुआती अपडेट के मुताबिक, उसके कई क्षेत्रों में मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर पर दबाव बढ़ गया था। शुरुआत में कंपनी ने समस्या को कनेक्टिविटी से जुड़ा बताया, लेकिन आगे की जांच में सर्वर से संबंधित गड़बड़ियां भी सामने आईं। कंपनी के मुताबिक, कुछ सर्वर अचानक काम करना बंद कर रहे थे। इसके चलते बाकी सर्वर पर अतिरिक्त लोड बढ़ गया और यूजर्स की रिक्वेस्ट को प्रोसेस करने में परेशानी आने लगी।
इसके अलावा प्रभावित सर्वर पर सुरक्षित कनेक्शन बनाने से जुड़ी एक प्रक्रिया भी ठीक से काम नहीं कर पा रही थी। इस वजह से सर्वर पर दबाव बढ़ा और वे रिक्वेस्ट का जवाब देने में असमर्थ होने लगे। आसान भाषा में समझें तो कुछ सर्वर के काम करना बंद करने से बाकी सर्वर पर काम का बोझ बढ़ गया। इससे एक के बाद एक कई सेवाएं प्रभावित होती चली गईं। कंपनी ने हाल में किए गए कुछ नेटवर्क कॉन्फिगरेशन बदलावों को वापस लेने की संभावना पर भी काम किया। साथ ही प्रभावित सर्वर को रीस्टार्ट करने और नए कॉन्फिगरेशन को टेस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
Outlook की खराबी से Teams और दूसरी सेवाओं पर क्यों पड़ा असर?
इस पूरे मामले को समझने के लिए Exchange Online की भूमिका जानना जरूरी है। यह माइक्रोसॉफ्ट का क्लाउड आधारित ईमेल सिस्टम है, जिसके जरिए Outlook में ईमेल और कैलेंडर जैसी सुविधाएं संचालित होती हैं। Microsoft 365 की कई सेवाएं भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। ऐसे में अगर किसी बुनियादी सिस्टम में गड़बड़ी आती है तो उसका असर एक से ज्यादा ऐप पर दिखाई दे सकता है।
उदाहरण के लिए, Teams में कैलेंडर देखना और मीटिंग शेड्यूल करना Exchange Online से जुड़ी सुविधाओं पर निर्भर हो सकता है। इसलिए Outlook में आई परेशानी का असर Teams के कुछ फीचर्स पर भी दिखाई दिया। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक Teams की सामान्य मैसेजिंग और ऑनलाइन मीटिंग की मुख्य सुविधाएं बड़े स्तर पर काम कर रही थीं।
Microsoft ने सर्विस ठीक करने के लिए क्या किया?
माइक्रोसॉफ्ट ने सेवाओं को बहाल करने के लिए कई स्तरों पर काम किया। कंपनी ने प्रभावित सर्वर को दोबारा चालू करने और यूजर्स के ट्रैफिक को दूसरे रास्तों से भेजने की कोशिश की। कुछ जगहों पर ट्रैफिक सीमित किया गया, ताकि प्रभावित सर्वर पर दबाव कम हो सके। हालांकि, कुछ सर्वर को दोबारा चालू करने के बाद भी ट्रैफिक बढ़ने पर उनकी स्थिरता बनाए रखने में परेशानी आई।
13 नवंबर को जारी कंपनी के अपडेट के मुताबिक, एक कॉन्फिगरेशन पैच लगाने के बाद कुछ सर्वर की स्थिरता में सुधार देखा गया। इसके बाद कंपनी इस बदलाव को दूसरे प्रभावित सर्वर तक पहुंचाने और उनकी स्थिति पर नजर रखने में जुटी रही। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि पूरी तरह सेवा बहाल होने तक निगरानी जारी रखी जाएगी। साथ ही, घटना की विस्तृत जांच के बाद पोस्ट-इंसिडेंट रिपोर्ट जारी की जाएगी।
क्या इस आउटेज से आपका डेटा खतरे में है?
सर्विस आउटेज का मतलब यह नहीं है कि आपका ईमेल, पासवर्ड या निजी डेटा चोरी हो गया है। माइक्रोसॉफ्ट ने फिलहाल इस घटना में डेटा चोरी या हैकिंग की पुष्टि नहीं की है। कंपनी की शुरुआती जांच में किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के संकेत भी नहीं मिले हैं। हालांकि, ऐसी स्थिति में यूजर्स को सावधान रहने की जरूरत है। बड़ी टेक सर्विस में गड़बड़ी के दौरान साइबर ठग फर्जी ईमेल और मैसेज के जरिए लोगों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए अगर आपको Microsoft के नाम से कोई संदिग्ध लिंक, पासवर्ड रीसेट या अकाउंट वेरिफिकेशन का मैसेज मिले तो बिना जांच किए उस पर क्लिक न करें। किसी अनजान वेबसाइट पर अपना Microsoft पासवर्ड दर्ज करने से भी बचें। सेवाओं से जुड़े अपडेट के लिए माइक्रोसॉफ्ट के आधिकारिक सर्विस स्टेटस पेज का इस्तेमाल करें।




















