सौसर में शासकीय शराब की अवैध बिक्री का आरोप, आबकारी विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल

छिंदवाड़ा। सौंसर में जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश पर आबकारी विभाग अवैध कच्ची शराब बनाने वालों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। समाचार पत्रों में भी शराब पकड़ने की कार्रवाई की खबरें प्रकाशित होती रहती हैं।
अवैध शराब पकड़ना जरूरी भी है। लेकिन वैध शराब की खुलेआम हो रही अवैध बिक्री पर कोई कार्रवाई नहीं होती। क्षेत्र और नगर में अनेक स्थानों पर शासकीय शराब अवैध तरीके से बेची जा रही है। सवाल यह है कि क्या इस पर कार्रवाई करना आबकारी विभाग की जिम्मेदारी नहीं है?
ढाबों पर भी खुलेआम बेची जा रही शराब
नगर के अनेक ढाबों पर भी शराब बेची जाती है, लेकिन इस पर कभी कार्रवाई नहीं होती। आरोप है कि इससे अधिकारियों को भी आमदनी होती है। अवैध शराब बनाने वालों से अधिकारियों को खास कमीशन नहीं मिलता। इसलिए ठेकेदार के आदेश पर आबकारी विभाग सिर्फ कच्ची शराब पकड़ने में लगा रहता है।
शासकीय शराब की अवैध बिक्री पर भी हो कार्रवाई
जैसे प्रयास अवैध कच्ची शराब पकड़ने में किए जाते हैं, वैसे ही प्रबंध शासकीय शराब की अवैध बिक्री रोकने के लिए भी किए जाने चाहिए। जगह-जगह शासकीय शराब खुलेआम मिलने से बच्चों पर इसका विपरीत असर पड़ रहा है। लेकिन इसकी चिंता किसी को नहीं है।
छिंदवाड़ा: सौसर में कपास की आवक शुरू, 9101 रुपए प्रति क्विंटल मिला भाव
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
नगर में जगह-जगह शासकीय शराब खुलेआम बेची जा रही है। ऐसा लगता है, जैसे इन विक्रेताओं को इस क्षेत्र में शराब बेचने का परमिट मिला हो। इन अवैध विक्रेताओं से क्षेत्र के आम नागरिक परेशान हैं। कई बार इस संबंध में उच्च अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया। इसके बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।




















