सरगुजा:होम लोन दिलाने के नाम पर 3 करोड़ की ठगी, महिला टीचर समेत 9 लोगों को बनाया शिकार

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में होम लोन दिलाने के नाम पर महिला टीचर समेत नौ लोगों से करीब 3 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को आसान शर्तों पर लोन दिलाने का लालच देकर रकम हड़प लेता था। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
कंपनी बनाकर रचा ठगी का जाल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शिवशंकर दास ने ‘अनशिवआर्या फाउंडेशन ग्रुप’ नाम से कंपनी बनाई थी। वह लोगों को बैंक से होम लोन दिलाने का दावा करता था और एक आकर्षक योजना बताकर अपने जाल में फंसा लेता था। आरोपी लोगों से कहता था कि बैंक से मिलने वाले लोन का 60 प्रतिशत हिस्सा उसकी कंपनी में जमा करना होगा। इसके बदले कंपनी हर महीने बैंक की पूरी ईएमआई खुद भरेगी। वहीं लोन लेने वाले व्यक्ति को 40 प्रतिशत राशि अपने पास रखने का मौका मिलेगा और उसे कोई किस्त नहीं चुकानी पड़ेगी।
महिला टीचर ने दर्ज कराई शिकायत
सरगवां निवासी दिव्या एक्का, जो राजपुर ब्लॉक में शिक्षिका हैं, ने 12 मई को गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि घर निर्माण के लिए उन्हें वर्ष 2024 में लोन की जरूरत थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात शिवशंकर दास से कराई गई। आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह आसानी से बैंक से लोन मंजूर करवा देगा। इसके लिए उसने आधार कार्ड, पैन कार्ड, फॉर्म-16, सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट समेत अन्य जरूरी दस्तावेज ले लिए।
तीन बैंकों से मंजूर करवाया 41 लाख से ज्यादा का लोन
जांच में पता चला कि आरोपी ने महिला टीचर के नाम पर अलग-अलग बैंकों से लोन मंजूर करवा लिया। इसमें ICICI बैंक से 15 लाख रुपए, बैंक ऑफ इंडिया से 13.40 लाख रुपए और HDFC बैंक से 12.68 लाख रुपए का लोन शामिल था। इस तरह कुल 41.08 लाख रुपए महिला के खाते में आए। बाद में आरोपी ने विभिन्न खातों में लगभग 28 लाख रुपए अपने कब्जे में ट्रांसफर करवा लिए।
ईएमआई नहीं भरी तो खुला फर्जीवाड़ा
लोन की किस्तें जमा करने का वादा करने के बावजूद आरोपी ने एक भी ईएमआई नहीं भरी। जब बैंक की किश्तों को लेकर नोटिस और जानकारी सामने आने लगी तो महिला को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें: सीधी : पुरानी रंजिश के चलते महिला की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार, चक्काजाम
पूछताछ में सामने आए कई और मामले
पुलिस ने आरोपी शिवशंकर दास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले किराए पर क्रशर का संचालन करता था। कारोबार में नुकसान होने के बाद उसने यह कंपनी बनाकर लोगों को झांसा देना शुरू कर दिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने इसी तरीके से नौ अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया और उनसे 3 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी की।
ये भी पढ़ें: रायपुर: ट्यूशन जा रहे छात्र को कुचलने वाला टैंकर ड्राइवर गिरफ्तार, नंबर प्लेट पर किया पेंट
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपी शिवशंकर दास (40 वर्ष), निवासी किशुनपुर थाना धौरपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में अन्य पीड़ितों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है, ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।












