Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीधी : पुरानी रंजिश के चलते महिला की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार, चक्काजाम

सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोंडी में गुरुवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में 55 वर्षीय राजवंती जायसवाल की मौत हो गई, जिसके बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
पुरानी रंजिश के चलते महिला की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार, चक्काजाम
AI Image

सीधी। ग्राम पोंडी में गुरुवार सुबह एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। 55 वर्षीय राजवंती जायसवाल की मौत होने के बाद गांव में तनाव फैल गया। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रामसजीवन विश्वकर्मा उर्फ कदे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी पत्नी सुशीला विश्वकर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चक्का जाम कर प्रदर्शन किया।

सिर और गले पर कई वार

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे राजवंती जायसवाल दवाई लेने जा रही थीं। इसी दौरान गांव के रामसजीवन विश्वकर्मा ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि उसने सिर और गले पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तीन महीने पहले हुआ था विवाद

मृतका के बेटे अशोक जायसवाल ने बताया कि करीब तीन महीने पहले उनकी मां और आरोपी की पत्नी सुशीला विश्वकर्मा के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। परिजनों का आरोप है कि हमले के दौरान सुशीला ने राजवंती को पकड़ रखा था।

पुलिस की समझाइश पर माने

घटना की सूचना मिलते ही सेमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं महिला आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने दोपहर करीब 2 बजे सीधी-हनुमानगढ़ मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई करने का आश्वासन देने के बाद जाम समाप्त कर दिया गया।

सरकारी हैंडपंप से हटाया अतिक्रमण

उधर, जिले की रामपुर नैकिन तहसील के ग्राम भैंसरहा में सरकारी हैंडपंप पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने गुरुवार सुबह हटवा दिया। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों को दोबारा सार्वजनिक हैंडपंप से पानी मिलने लगा है। जानकारी के अनुसार, ग्राम भैंसरहा में स्थित सरकारी हैंडपंप पर राजेंद्र मणि द्विवेदी नामक व्यक्ति ने निजी उपयोग के लिए मोटर लगा दी थी। जिससे गांव के लोगों को पानी भरने में परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत चुरहट एसडीएम विकास कुमार आनंद से की थी। शिकायत मिलते ही एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों की मौजूदगी में मोटर व अतिक्रमण हटवाया। 

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts