रायपुर:ट्यूशन जा रहे छात्र को कुचलने वाला टैंकर ड्राइवर गिरफ्तार, नंबर प्लेट पर किया पेंट

रायपुर। बुधवार को विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्थित शासकीय स्कूल के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ था। महावीर शर्मा नाम का छात्र पैदल ट्यूशन जा रहा था। उसके कंधे पर स्कूल बैग टंगा हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार पानी टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ हादसा
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ये पूरा हादसा कैद हो गया। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि टैंकर का पहिया चढ़ने के बाद बच्चा कुछ सेकेंड तक उठने की कोशिश करता है, लेकिन फिर सड़क पर गिर जाता है। इस दृश्य को देखकर स्थानीय लोग भी सन्न रह गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
ये भी पढ़ें: रायपुर: ट्यूशन जा रहे छात्र को पानी टैंकर ने कुचला, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम; पुलिस कर रही जांच
आरोपी ने नंबर प्लेट पर किया पेंट
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तब पता चला कि टैंकर की नंबर प्लेट पर पेंट कर नंबर मिटा दिए गए थे। इससे साफ हुआ कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। इसी आधार पर आरोपी को पकड़ा गया।
मुखबिर की सूचना से पकड़ाया आरोपी
बता दें कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी इसके बाद संदिग्ध टैंकर की पहचान कर उसे बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने मृतक छात्र महावीर के परिजनों को भी थाने बुलाया है। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच भारी आक्रोश बना हुआ है।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राजधानी में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार भारी वाहन लगातार खतरा बने हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।












