सूरजपुर में ट्रक पलटा तो खुला गांजा तस्करी का राज,दाना की बोरियों में छिपा था 1.19 करोड़ का बड़ा खेप

रायपुर/ सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चंदौरा थाना क्षेत्र के पेंडारी घाट में प्लास्टिक दाना लदा ट्रक पलटने के बाद जांच के दौरान 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ। तस्करों ने गांजे को प्लास्टिक दाना की बोरियों के बीच छिपाकर रखा था। बरामद गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में खेप को ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात सामने आई है।
हादसे के बाद खुला तस्करी का राज
जानकारी के मुताबिक 30 सितंबर को अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर पेंडारी घाट के मुख्य घाट में ट्रक क्रमांक UP 13 T 5497 पलट गया था। हादसे के बाद ट्रक चालक सुनील कुमार ने क्रेन की मदद से वाहन को उठवाया और बिखरी हुई बोरियों को मजदूरों से हटवाने लगा। ट्रक में ऊपर से प्लास्टिक दाना लदा हुआ था। इसी दौरान चालक ने कुछ बोरियों को अलग कर सड़क किनारे रख दिया और उन्हें प्लास्टिक तिरपाल से ढंक दिया।

संबंधित खबर: भटगांव में 63 किलो गांजा के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार, दो कारों से बरामद हुआ नशे का बड़ा खेप
अलग रखी बोरियों ने बढ़ाया शक
ट्रक से कुछ बोरियों को अलग रखकर तिरपाल से ढंकने की गतिविधि ने आसपास मौजूद लोगों को संदिग्ध लगी। लोगों को शक हुआ कि इन बोरियों में सामान्य प्लास्टिक दाने के अलावा कुछ और छिपाया गया है। इसके बाद मामले की सूचना चंदौरा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में तलाशी शुरू की।
9 बोरियों से निकला 238 किलो गांजा
पुलिस की तलाशी के दौरान सड़क किनारे रखी बोरियों की जांच की गई। इस दौरान 9 बोरियों से कुल 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये है। ट्रक में प्लास्टिक दाना लदा होने के कारण पहली नजर में किसी को तस्करी का अंदाजा नहीं हुआ।
संबंधित खबर: MCB में कपड़ों की गठरियों में छिपा था 4.59 करोड़ का गांजा, MP बॉर्डर से पहले 6 तस्कर गिरफ्तार
हादसे के बाद गांजा गड्ढे में छिपाया
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार ने बताया कि ट्रक में प्लास्टिक दाना के साथ गांजा भी लोड किया गया था। आरोपी के मुताबिक खेप को ओडिशा से लखनऊ, उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पेंडारी घाट में ट्रक पलटने के बाद गांजे की बोरियों को सड़क किनारे एक गड्ढे में छिपाकर तिरपाल से ढंक दिया गया था। पुलिस अब आरोपी के बयान के आधार पर तस्करी के नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
अलीगढ़ का रहने वाला है गिरफ्तार ड्राइवर
पुलिस ने मामले में सुनील कुमार (32) को गिरफ्तार किया है। वह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला बताया गया है। पूछताछ में उसने ट्रक अपने एक साथी के नाम पर पंजीकृत होने और दोनों के मिलकर ट्रक चलाने की जानकारी दी है।पुलिस अब ट्रक मालिक, फरार साथियों और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

संबंधित खबर: Raipur: रायपुर में गांजा तस्करी पर DRI का बड़ा शिकंजा, पाइप की आड़ में 250 किलो गांजा जब्त
पुलिस की जांच जारी
सूरजपुर पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस गांजे के स्रोत, ट्रक के मालिक, फरार आरोपियों और ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक चल रहे संभावित तस्करी नेटवर्क पर है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की संभावना है।




















