Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पिता की फर्जी वसीयत बनाकर मकान हड़पा; बहन-बहनोई पर एफआईआर, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया केस 

ग्वालियर में पिता की संपत्ति के नामांतरण को लेकर दो बहनों के बीच विवाद धोखाधड़ी के मामले तक पहुंच गया। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर पिता की कथित फर्जी वसीयत और शपथपत्र तैयार कराकर नगर निगम में मकान का नामांतरण अपने नाम करा लिया। शिकायतकर्ता की याचिका पर न्यायालय ने एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
पिता की फर्जी वसीयत बनाकर मकान हड़पा; बहन-बहनोई पर एफआईआर, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया केस 
फाइल फोटो

ग्वालियर। संपत्ति के लालच में रिश्तों को तार-तार करने का एक मामला सामने आया है। पिता की मौत के बाद उनके मकान पर अधिकार को लेकर शुरू हुआ विवाद अब धोखाधड़ी और कूटरचना के आरोपों तक पहुंच गया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर पिता की कथित फर्जी वसीयत और शपथपत्र तैयार कराए और इसी के आधार पर नगर निगम में मकान का नामांतरण अपने नाम करा लिया। मामले में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने बहन और बहनोई के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, सुखराम कॉलोनी आदित्यपुरम निवासी संतोषी सिंह कन्नोजिया ने शिकायत में बताया कि उनके पिता हर नेपोलियन सिंह का निधन 15 नवंबर 2022 को हुआ था। उनका मकान सुखराम कॉलोनी में संतोषी के घर के सामने स्थित है। पिता की मृत्यु के बाद उनकी बहन किरण नारिया और बहनोई विजय सिंह ने मकान पर अपना अधिकार जताना शुरू कर दिया।

वसीयत के हस्ताक्षरों को बताया फर्जी

संतोषी का आरोप है कि वर्ष 2022 में किरण ने कथित फर्जी शपथपत्र और वसीयत के आधार पर नगर निगम में आवेदन कर पिता के मकान का नामांतरण अपने नाम करा लिया। जबकि संतोषी का दावा है कि इस संपत्ति में उनका भी कानूनी हिस्सा है। उन्होंने वसीयत पर पिता के हस्ताक्षर असली नहीं होने का आरोप लगाया है। अपने आरोपों के समर्थन में संतोषी ने पिता के कैंटीन स्मार्ट कार्ड और बैंक संबंधी दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षर भी प्रस्तुत किए हैं। उनका कहना है कि इन दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों और कथित वसीयत के हस्ताक्षरों का मिलान कराने से सच्चाई सामने आ सकती है।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर: बंधन बचत समिति के भुगतान संकट के बीच एजेंट के पिता की हार्ट अटैक से मौत, शव लेकर थाने पहुंचे परिजन और एजेंट

थाने से नहीं मिली राहत तो पहुंचीं अदालत

संतोषी ने पहले महाराजपुरा थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस स्तर पर उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में परिवाद दायर किया। न्यायालय ने मामले को सुनते हुए महाराजपुरा थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके पालन में पुलिस ने किरण नारिया और विजय सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है।

जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर बहन और बहनोई के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपों और दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में आवारा कुत्ते का आतंक! 4 साल की मासूम का गाल नोचा, बचाने आई मां को भी काटा

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts