‘चुड़ैल’ का विवाद खत्म :दो साल से अटकी सनी लियोनी की फिल्म अब पर्दे पर आएगी, इंदौर हाई कोर्ट में पहुंचा था 52 लाख रु. उधारी का मामला

इंदौर। फिल्म अभिनेत्री सनी लियोनी के प्रशंसकों का करीब दो साल का इंतजार अब खत्म होने वाला है। उनकी फिल्म ‘चुड़ैल’ की रिलीज को लेकर बनी वित्तीय अड़चन दूर हो गई है। फिल्म निर्माण के लिए इंदौर के फाइनेंसर से ली गई 52 लाख रुपए की उधारी लौटा दी गई है। इसके बाद फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। उधारी की राशि को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस प्रकरण के बाद इंदौर हाई कोर्ट तक पहुंचा था।
फिल्म पूरी होने पर 52 लाख वापस देने की थी शर्त
फिल्म का निर्माण मुंबई की कंपनी शुगर एंड स्पाइस प्रोडक्शन ने किया है। जानकारी के अनुसार कंपनी ने वर्ष 2019 में इंदौर के फिल्म फाइनेंसर राजवीर फाइनेंस एंड सिक्योरिटीज के संजय बिंदल से 52 लाख रुपए उधार लिए थे। शर्त थी कि फिल्म पूरी होने के बाद यह राशि लौटा दी जाएगी। सितंबर 2019 के बाद भी राशि फाइनेंसर को नहीं मिली। इसके बाद फाइनेंसर की ओर से मुंबई की कंपनी के खिलाफ इंदौर के एमआईजी थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कराया गया।
ये भी पढ़ें: Khatron ke Khiladi 15: रुबीना दिलैक की बिगड़ी हालत, हाई-रिस्क हेलीकॉप्टर पर कर रही थी स्टंट
हाईकोर्ट पहुंचा था मामला
पुलिस प्रकरण के खिलाफ फिल्म निर्माता कंपनी ने इंदौर हाईकोर्ट की शरण ली थी। मामले की सुनवाई के दौरान कंपनी को अग्रिम जमानत का लाभ दिया गया था। साथ ही संबंधित पक्ष को बकाया राशि लौटाने के निर्देश दिए गए थे। अब कंपनी की ओर से 52 लाख रुपए की राशि संबंधित फाइनेंसर को लौटा दी गई है। इसके साथ ही फिल्म को लेकर चल रहा वित्तीय विवाद भी खत्म हो गया है। फिल्म निर्माता कंपनी की ओर से इंदौर हाई कोर्ट में एडवोकेट वर्षा गुप्ता ने पैरवी की।
‘चुड़ैल’ में अलग अंदाज में नजर आएंगी सनी
वित्तीय विवाद दूर होने के बाद फिल्म की रिलीज का रास्ता खुल गया है। फिल्म में सनी लियोनी चुड़ैल के किरदार में नजर आएंगी और दर्शकों को डराने के साथ अपने अलग अंदाज से मनोरंजन करती दिखाई देंगी। फिल्म करीब दो साल से बनकर तैयार बताई जा रही है, लेकिन आर्थिक विवाद के कारण इसे रिलीज नहीं किया जा सका था। अब भुगतान संबंधी मामला सुलझने के बाद फिल्म के जल्द पर्दे पर आने की उम्मीद है।
तीन बार बदला फिल्म का नाम
फिल्म का नाम भी तीन बार बदला गया। इसे सबसे पहले ‘कोका-कोला’ नाम से तैयार किया गया था। चूंकि इसी नाम से शीतल पेय का ब्रांड मौजूद है, इसलिए फिल्म का नाम बदलकर ‘लकी’ किया गया। इस नाम से भी पहले फिल्म होने के कारण आखिरकार इसका नाम ‘चुड़ैल’ रखा गया।
ये भी पढ़ें: हत्याकांड के बाद अब शादी का हिसाब : राजा और सोनम रघुवंशी के परिवार को 2.82 लाख रुपए के कैटरिंग बिल का कानूनी नोटिस












