South OTT Release: इस हफ्ते OTT पर रिलीज होंगी साउथ की 8 फिल्में, दुलकर सलमान से फहद फासिल तक की मूवीज शामिल

साउथ फिल्मों के शौकीनों के लिए नवंबर का पहला हफ्ता मनोरंजन से भरपूर रहने वाला है। OTT पर एक्शन, रोमांस, कॉमेडी, थ्रिलर और स्पोर्ट्स ड्रामा जैसी अलग-अलग जॉनर की फिल्में देखने को मिलेंगी। दुलकर सलमान की I’m Game से लेकर हरीश कल्याण की Nooru Kodi Vaanavil तक कई फिल्में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने वाली हैं।
इनमें कुछ फिल्में पहले ही स्ट्रीम हो चुकी हैं, जबकि कुछ 5 से 7 नवंबर के बीच रिलीज होंगी। आइए जानते हैं इन फिल्मों की कहानी और इन्हें किस OTT प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं।
1. I’m Game
दुलकर सलमान की फैंटेसी एक्शन-थ्रिलर फिल्म I’m Game 6 नवंबर से JioHotstar पर स्ट्रीम होगी। फिल्म में दुलकर डैन जॉन का किरदार निभा रहे हैं, जो एक अमीर युवक है और जिसकी जिंदगी पैसे और रोमांच के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में एक अप्रत्याशित घटना के बाद उसकी जिंदगी बदल जाती है और उसे कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। फिल्म को पांच भाषाओं में देखा जा सकेगा।
2. Nooru Kodi Vaanavil
हरीश कल्याण और सिद्धि इडनानी स्टारर यह तमिल रोमांटिक ड्रामा 6 नवंबर को ZEE5 पर रिलीज होगा। फिल्म की कहानी विनो नाम के एक टेलीविजन ब्रॉडकास्टर की है, जो अपने शो के लिए नया चेहरा तलाशने गोवा जाता है। वहां उसकी मुलाकात फेनी से होती है। दोनों के बीच शुरू हुई पेशेवर पहचान धीरे-धीरे प्यार में बदल जाती है। फिल्म का निर्देशन शशि ने किया है।
3. Anakapalli
यह तेलुगु क्राइम-एक्शन ड्रामा 3 नवंबर से OTT पर उपलब्ध है। फिल्म की कहानी सूर्या नाम के युवक की है, जो ताकत और पहचान पाने के लिए एक गैंग में शामिल हो जाता है। लेकिन प्यार में पड़ने के बाद वह अपनी जिंदगी बदलना चाहता है। इसी बीच उसे ऐसे हालात का सामना करना पड़ता है, जो उसके सपनों और परिवार के साथ शांत जीवन बिताने की उम्मीदों को मुश्किल में डाल देते हैं। फिल्म का निर्देशन खगेश तमिनेनी ने किया है।
4. Balu Geetha
Balu Geetha एक रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा है। फिल्म में बालू और गीता की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल जाती है। इसके बाद दोनों को कई मजेदार और भावुक पारिवारिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। फिल्म में संदीप सरोज, केयुरी शाह, कृष्णुडु और ऋत्विक अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन प्रताप कोल्लारेड्डी ने किया है। फिल्म 5 नवंबर से ETV Win पर देखी जा सकेगी।
5. The Grand Master
यह तमिल फिल्म नंदन नाम के 10 साल के बच्चे की कहानी है, जो शतरंज चैंपियन बनने का सपना देखता है। आर्थिक तंगी और बार-बार मिलने वाली निराशाओं के बावजूद वह अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटता। उसकी मां भी उसके सपने को पूरा करने में पूरा साथ देती है। फिल्म में अबर्नथी, लिंगेश और सुरेश चंद्र मेनन अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन वेट्री चेलियन ने किया है।
6. 7 Star Boys
7 Star Boys फुटबॉल के दीवाने सात लड़कों की कहानी है, जो अपने खेल के दम पर बड़ा नाम कमाना चाहते हैं। एक मेंटर और अपने समुदाय की मदद से वे एक खाली मैदान को प्रैक्टिस ग्राउंड में बदल देते हैं। इसके बाद शुरू होता है उनका बड़े टूर्नामेंट तक पहुंचने का सफर। फिल्म में एंटनी वर्गीस पेपे, बालू वर्गीस और आईएम विजयन जैसे कलाकार हैं। इसका निर्देशन निखिल प्रेमराज ने किया है।
7. ICU – Until The Last Breath
मलयालम थ्रिलर ICU की कहानी एक इमरजेंसी के इर्द-गिर्द घूमती है। एक अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट में अचानक कुछ ऐसे लोग एक साथ आ जाते हैं, जिनके बीच पुरानी दुश्मनी और रिश्तों की उलझनें हैं। फिल्म का निर्देशन जॉर्ज वर्गीस ने किया है। इसमें बिबिन जॉर्ज, बाबूराज, मुरली गोपी और विस्मया अनीश अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म 6 नवंबर से Sun NXT पर स्ट्रीम होगी।
8. Don’t Trouble the Trouble
फहद फासिल स्टारर फैंटेसी कॉमेडी Don’t Trouble the Trouble पहले ही Netflix पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म में फहद सूरी नाम के एक अनाथ युवक का किरदार निभा रहे हैं, जो एम्बुलेंस ड्राइवर है। पैसों की तंगी के चलते वह किडनैपिंग की योजना बनाने लगता है। लेकिन उसकी मुलाकात दिव्या नाम की लड़की से होती है, जो दावा करती है कि उसने खुद अपने माता-पिता को गायब कर दिया है। इसके बाद कहानी में कई दिलचस्प मोड़ आते हैं। फिल्म का निर्देशन शशांक येलेटी ने किया है।




















