सुखबीर बादल पर हमला करने वाला जसपाल सिंह कौन? सामने आई आरोपी की पूरी जानकारी

महाराष्ट्र के नांदेड में शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हमले के मामले में 62 वर्षीय आरोपी जसपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पिछले दो साल से गुरुद्वारे में सेवा कर रहा था। हमले में बादल और एक PSO घायल हुए हैं। अकाली दल ने घटना की CBI या कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की है।
सुखबीर बादल पर हमला करने वाला जसपाल सिंह कौन? सामने आई आरोपी की पूरी जानकारी
जसपाल सिंह

महाराष्ट्र के नांदेड में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार, 13 अगस्त को हमला हुआ। घटना दोपहर करीब 1:45 बजे माता साहिब देवान जी मुगत गुरुद्वारे में हुई।

नांदेड के पुलिस अधीक्षक नीलाभ रोहन के मुताबिक, एक निहंग ने गुरुद्वारे के अंदर सुखबीर बादल पर कृपाण से हमला किया। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।

कौन है आरोपी जसपाल सिंह?

पुलिस के मुताबिक, हमले के आरोपी की पहचान 62 वर्षीय जसपाल सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पुणे का रहने वाला है और पुणे की अदालत में वकील रह चुका है।जानकारी के अनुसार, जसपाल सिंह पिछले करीब दो साल से मुगत स्थित माता साहिब गुरुद्वारे में सेवा कर रहा था। गुरुवार को सुखबीर बादल दर्शन के बाद गुरुद्वारे से बाहर निकल रहे थे, तभी आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में हमला, CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश; आरोपी गिरफ्तार

सुखबीर बादल और PSO भी घायल

हमले में सुखबीर सिंह बादल के साथ उनका एक PSO भी घायल हुआ। बताया गया कि विशेष सुरक्षा इकाई में तैनात पुलिस अधिकारी संतोष केंद्रे बादल को बचाने की कोशिश में घायल हुए। घटना के बाद सुखबीर बादल को अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।

CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश

घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुखबीर बादल से फोन पर बात कर उनकी तबीयत की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब आरोपी के बयान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

नांदेड़ के गुरुद्वारा माता साहिब कौर में सुखबीर सिंह बादल पर हमला, सुरक्षाकर्मी भी घायल

अकाली दल ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

हमले के बाद अकाली दल ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताया है। पार्टी नेता दलजीत चीमा ने मामले की जांच CBI या कोर्ट की निगरानी में कराने की मांग की है।

चीमा ने कहा कि जांच में यह पता लगाया जाना चाहिए कि हमले के पीछे किसी साजिश की भूमिका थी या नहीं। उन्होंने दिसंबर 2024 में अमृतसर में सुखबीर बादल पर हुए हमले का भी जिक्र किया और कहा कि अगर उस मामले में सही कार्रवाई हुई होती तो शायद ऐसी घटना दोबारा नहीं होती।

फिलहाल पुलिस आरोपी जसपाल सिंह से पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts