सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में हमला, CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश; आरोपी गिरफ्तार

शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार, 13 अगस्त को महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला हुआ। यह घटना एक गुरुद्वारे के पास हुई। हमले में बादल के हाथ में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। सामने आए एक वीडियो में वह एक इमारत के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं और उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा हुआ नजर आ रहा है।
CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने पुलिस को आरोपी से पूछताछ कर हमले के पीछे की वजह और मकसद का पता लगाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने खुद सुखबीर सिंह बादल को फोन कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली। बताया जा रहा है कि बादल की हालत फिलहाल ठीक है।
आरोपी जसपाल सिंह गिरफ्तार
पुलिस ने हमले के आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कृपाण से सुखबीर बादल पर हमला किया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश में जुटी है।
हरसिमरत कौर बादल के साथ पहुंचे थे हजूर साहिब
हमले से पहले सुखबीर सिंह बादल अपनी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब पहुंचे थे। इसी दौरान गुरुद्वारे के पास उन पर हमला किया गया।
अकाली दल ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
शिरोमणि अकाली दल के उपाध्यक्ष संजीव तलवार ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि सुखबीर बादल पंजाब और पंजाबियत की बात करने वाले नेता हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सुखबीर बादल पर हमला नहीं, बल्कि पंजाब की एकता और अखंडता पर हमला है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त नेता पर इस तरह का हमला होना सुरक्षा में चूक का मामला माना जाना चाहिए।
अमृतसर हमले का भी किया जिक्र
अकाली दल के उपाध्यक्ष ने सुखबीर बादल पर 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर में हुए हमले का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस घटना को लेकर सरकार और उसकी एजेंसियों की भूमिका पर सवाल उठे थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल, नांदेड़ की घटना में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे की पूरी वजह सामने लाने की कोशिश की जा रही है।




















