डीजल के दाम 50 रुपये बढ़ाने की थी नौबत, सिर्फ 7 रुपये बढ़ाए; PM मोदी बोले- किसानों पर नहीं पड़ने दिया बोझ

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर भारत पर भी पड़ सकता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण कच्चे तेल के दाम 70 डॉलर से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए थे। ऐसे हालात में डीजल की कीमत करीब 50 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने की जरूरत थी। हालांकि, उनके मुताबिक सरकार ने केवल 7 रुपये की बढ़ोतरी की और बाकी खर्च खुद उठाया, ताकि किसानों और आम लोगों को राहत मिल सके।
हर महीने 14 हजार करोड़ रुपये का बोझ उठा रही सरकार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डीजल के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी करनी पड़ सकती थी लेकिन सरकार ने आम लोगों और किसानों पर पूरा बोझ नहीं डाला। डीजल केवल 7 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया और बाकी 43 रुपये का खर्च सरकार खुद उठा रही है। पीएम के मुताबिक, इस फैसले के कारण सरकार को हर महीने करीब 14 हजार करोड़ रुपये का आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आसपास के कई देशों में डीजल की कीमतें 40 से 50 फीसदी तक बढ़ गई थीं।
किसानों को सस्ती खाद देने पर खर्च किए 16 लाख करोड़
किसानों को राहत देने के लिए खाद की कीमतों पर भी सरकार खर्च कर रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में सस्ती खाद उपलब्ध कराने के लिए 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में डीएपी खाद की 50 किलो की बोरी करीब 5 हजार रुपये में मिलती है, जबकि भारतीय किसानों को यह केवल 1,300 रुपये में दी जा रही है। इसी तरह यूरिया भी कम कीमत पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
खेती की कमाई बढ़ाने पर सरकार का जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की तरक्की के लिए खेती को नए तरीकों से करना जरूरी है। उनके मुताबिक, आजादी के बाद पहली बार पिछले एक दशक में भारतीय कृषि की सालाना विकास दर 4 फीसदी से ज्यादा रही है। उन्होंने किसानों से केवल गेहूं, चावल और गन्ने की खेती तक सीमित नहीं रहने की अपील की। उनका कहना है कि किसान दूसरी फसलों और पशुपालन जैसे कामों से भी अपनी कमाई बढ़ा सकते हैं।
कृषि उत्पादों के निर्यात में भी बढ़ोतरी
पीएम मोदी ने बताया कि भारत हर साल 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कृषि उत्पाद विदेशों में भेज रहा है। दूध, दाल, चावल, जूट और मोटे अनाज के उत्पादन में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में दूध उत्पादन में करीब 70 फीसदी और अंडा उत्पादन में 90 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। मछली उत्पादन भी दोगुने से ज्यादा बढ़ा है।
बिरसा मुंडा के नाम पर सियासी संग्राम,CM साय बोले- आदिवासी समाज वोट बैंक नहीं, भारत की आत्मा है
किसानों के लिए सोलर पंप और नई तकनीक पर जोर
प्रधानमंत्री ने खेती में नई तकनीक के इस्तेमाल की भी बात कही। उन्होंने बताया कि पीएम-कुसुम योजना के तहत सोलर पंप लगाए जा रहे हैं, जिससे किसानों को बिजली खर्च कम करने में मदद मिल रही है। इसके अलावा देश में मिट्टी की जांच के लिए प्रयोगशालाओं की संख्या भी बढ़ाई गई है। पीएम ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और रासायनिक खाद का इस्तेमाल कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिट्टी की सेहत बचाना भी किसानों के भविष्य के लिए जरूरी है।




















