मणिपुर में उग्रवादियों की गोलीबारी, उखरुल में दो महिलाओं समेत 4 की मौत

मणिपुर। राज्य में हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को उखरुल जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने दो चार पहिया वाहनों पर गोलीबारी कर दी। इस हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने घटना की पुष्टि की है। वहीं गुरुवार को कांगपोकपी जिले में हुई गोलीबारी में भी एक महिला की जान चली गई थी जबकि दो पुरुष घायल हुए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से राज्य में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
उखरुल में दो वाहनों को बनाया निशाना, चार लोगों की मौत
शुक्रवार को उखरुल जिले में इम्फाल-उखरुल सड़क पर न्यू हेवन इलाके में यह घटना हुई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ हथियारबंद संदिग्ध उग्रवादियों ने दो चार पहिया वाहनों पर गोलियां चलाईं। दोनों वाहनों में सवार दो पुरुष और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी के अनुसार दोनों कारों की विंडशील्ड यानी सामने के शीशों पर गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल हमले के पीछे शामिल लोगों और इसके कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
कांगपोकपी में खेत में काम कर रही महिला की गोली लगने से मौत
इससे एक दिन पहले गुरुवार को कांगपोकपी जिले में भी गोलीबारी की घटना हुई थी। प्रशासनिक अधिकारी के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे तापहोउ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेन्गजांग के बीच गोलीबारी हुई थी। इस दौरान दो विद्रोही गुटों के बीच भिड़ंत की जानकारी सामने आई। गोलीबारी में तापहोउ कुकी गांव की 43 वर्षीय चोंगलोई की मौत हो गई। वह पास के खेत में काम कर रही थीं। उन्हें गोली लगी थी और उनका शव खेत से बरामद किया गया। जिस समय उनका शव मिला, उस समय उनके एक हाथ में दरांती थी। स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों ने शव को बरामद किया।
गोलीबारी में दो पुरुष भी घायल, अस्पताल में भर्ती
इस घटना में एस. डेविड चोंगलोई (34) और लमखोचोन चोंगलोई (46) नाम के दो पुरुष भी घायल हुए। दोनों को कांगपोकपी जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राज्य की मुख्यमंत्री नेमचा किपजेन ने महिला की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने घटना की त्वरित, गहन और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में दोषियों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
मणिपुर में हथियारों का मिला जखीरा, 10 फुट का रॉकेट देख सुरक्षा बल भी अलर्ट
2023 से जारी है मणिपुर में जातीय संघर्ष
मणिपुर में मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष जारी है। मैतेई समुदाय मुख्य रूप से घाटी के इलाकों में और कुकी समुदाय पहाड़ी क्षेत्रों में रहता है। इस संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 49 लोग लापता हैं। हिंसा के कारण हजारों लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं।




















