Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नवी मुंबई: बहन की हत्या में उम्रकैद की सजा सुनते ही आरोपी ने कोर्ट की पांचवीं मंजिल से लगाई छलांग, मौत

नवी मुंबई की बेलापुर कोर्ट में बहन की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के कुछ मिनट बाद नागेश बाबू लाड ने पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
नवी मुंबई: बहन की हत्या में उम्रकैद की सजा सुनते ही आरोपी ने कोर्ट की पांचवीं मंजिल से लगाई छलांग, मौत
सजा सुनते ही पांचवीं मंजिल से कूदा दोषी!

नवी मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अपनी बहन की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के कुछ ही मिनट बाद 35 वर्षीय दोषी ने कोर्ट की इमारत की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नागेश बाबू लाड के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को बेलापुर कोर्ट में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने नागेश बाबू लाड को साल 2019 में अपनी बहन की हत्या और पत्नी की हत्या का प्रयास करने के मामले में दोषी ठहराया था। फैसला सुनाए जाने के बाद कोर्ट के अधिकारी और पुलिसकर्मी सजा से जुड़ी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रहे थे। इसी दौरान लाड कोर्ट रूम से बाहर भागा और इमारत की पांचवीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। पुलिसकर्मी उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बहन की हत्या में उम्रकैद, पत्नी की हत्या के प्रयास में 10 साल की सजा

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने नागेश बाबू लाड को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 के तहत बहन सुनीता की हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वहीं, पत्नी की हत्या का प्रयास करने के मामले में IPC की धारा 307 के तहत 10 साल के कठोर कारावास की सजा दी गई थी।

पत्नी पर शक के चलते किया था चाकू से हमला

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, लाड को शक था कि उसकी पत्नी का उसके साढ़ू जरमनजीत सिंह के साथ विवाहेतर संबंध है। इसी शक के चलते 17 जुलाई 2019 की तड़के उसने नवी मुंबई में अपनी पत्नी के मायके की छत पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

Breaking News

बीच-बचाव करने आई बहन पर भी किया था हमला

पत्नी पर हमला करने के बाद नागेश लाड अपनी बहन सुनीता के घर पहुंचा। वहां विवाद के दौरान सुनीता ने उसे शांत करने और अपनी भाभी की मदद करने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान लाड ने सुनीता पर भी चाकू से हमला कर दिया और उसकी छाती पर कई वार किए। हमले में सुनीता को गंभीर चोटें आईं। अधिक खून बहने और सदमे के कारण उसकी मौत हो गई थी। इसी मामले में अदालत ने सोमवार को नागेश लाड को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts