यूपी चुनाव पर एसपी-कांग्रेस में दूसरे दौर की बैठक खत्म, रामगोपाल यादव बोले- बातचीत आगे जारी रहेगी, किसी ने नहीं मांगी कोई सीट

बैठक के बाद सपा नेता राम गोपाल यादव ने कहा कि अभी किसी भी दल ने अपने लिए कोई सीट नहीं मांगी है। सभी 403 विधानसभा सीटों पर चर्चा हो रही है और बातचीत सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले 2-3 दिन में कांग्रेस की ओर से जवाब मिल जाएगा और जल्द ही सीट शेयरिंग पर फैसला हो सकता है।
403 सीटों पर हो रही है चर्चा
दिल्ली में मंगलवार को सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर बैठक हुई। इसमें उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चर्चा की गई, हालांकि अभी पूरा विचार-विमर्श नहीं हो पाया है। बैठक के बाद राम गोपाल यादव ने कहा कि हर सीट पर अलग-अलग बात करने में समय लग रहा है। अगली दो-तीन बैठकों में इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस की सीट शेयरिंग को लेकर पहली बैठक, 60 सीटों पर हुई चर्चा
'किसी ने नहीं मांगी कोई सीट'
राम गोपाल यादव ने कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत काफी सकारात्मक रही है और हर सीट पर चर्चा की गई है। अभी किसी भी पक्ष ने अपने लिए अलग से कोई सीट नहीं मांगी है, बल्कि सभी सीटों को लेकर दोनों दलों ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि बातचीत तब तक जारी रहेगी, जब तक सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला नहीं हो जाता। अगली बैठक दो-तीन दिन में होने की उम्मीद है और इस पूरी प्रक्रिया में महीना भर नहीं लगेगा।
कांग्रेस ने बातचीत को बताया सकारात्मक
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी और AICC नेता राजेंद्र पाल गौतम ने भी बैठक को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों दल सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं और 403 विधानसभा सीटों पर एक-एक करके चर्चा की गई है। कई सीटों पर बातचीत हो चुकी है, जबकि बाकी सीटों पर अगली बैठक में चर्चा की जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि सपा और कांग्रेस के बीच समझौता होगा और यह अच्छा समझौता साबित होगा।
26 सीटों पर अलग से नहीं हुई कोई चर्चा
26 सीटों को लेकर सवाल पूछे जाने पर राजेंद्र पाल गौतम ने स्पष्ट किया कि बैठक में इन सीटों पर अलग से कोई चर्चा नहीं हुई है। दोनों दलों ने सभी 403 सीटों को ध्यान में रखकर एक-एक सीट पर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सीट शेयरिंग का अंतिम नतीजा सामने नहीं रखा जाएगा। जब दोनों पक्ष किसी एक सहमति पर पहुंच जाएंगे, तभी गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
'सकारात्मक घोषणा होने तक जारी रहेगी बातचीत'
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा-मोना ने कहा कि बैठक में सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा हुई और बातचीत सकारात्मक रही। उन्होंने बताया कि अभी तक चर्चा का एक ही दौर पूरा हुआ है और दूसरे दौर की बैठक जल्द होगी। जरूरत पड़ने पर दोनों दलों के नेता फिर साथ बैठकर बातचीत करेंगे। आराधना मिश्रा ने कहा कि जब तक गठबंधन को लेकर कोई सकारात्मक घोषणा नहीं हो जाती, तब तक सीट शेयरिंग की प्रक्रिया जारी रहेगी।




















