Punjab Election 2027: 6 साल बाद फिर साथ आए BJP और अकाली दल, अमित शाह ने किया पंजाब चुनाव में गठबंधन का ऐलान

नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) एक बार फिर साथ आ गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन का ऐलान किया। इसके साथ ही अकाली दल की NDA में वापसी हो गई है। दोनों दलों के बीच यह गठबंधन करीब छह साल बाद हुआ है। साल 2020 में कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था।
अमित शाह ने कहा कि गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य पंजाब को नशे और भ्रष्टाचार से मुक्त करना है। उन्होंने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने की डेडलाइन तय करने की बात कही। शाह ने आगामी चुनाव में जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA पंजाब में सरकार बनाएगा।
NDA के पुराने साथी की हुई वापसी: अमित शाह
गठबंधन की घोषणा करते हुए अमित शाह ने शिरोमणि अकाली दल का NDA में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अकाली दल NDA का सबसे पुराना साथी रहा है और उसकी वापसी से गठबंधन मजबूत होगा। शाह ने यह भी कहा कि इस चुनाव में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि गठबंधन बनने के बाद इन दोनों दलों की हार तय है। शाह के मुताबिक, गठबंधन को लेकर सुखबीर सिंह बादल और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच बातचीत हुई। गठबंधन के साझा घोषणापत्र में भी कई बड़े ऐलान किए जाने की तैयारी है।
सुखबीर बादल बोले- यह सिर्फ राजनीतिक नहीं, भावनात्मक गठबंधन
शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने BJP-SAD गठबंधन को भावनात्मक रिश्ता बताया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का साथ पुराना है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच भी अच्छे संबंध रहे हैं। वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अकाली दल का NDA में स्वागत करते हुए इसे स्वाभाविक गठबंधन बताया। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के लोगों और हिंदू-सिख एकता के लिए फायदेमंद साबित होगा।
2020 में टूटा था गठबंधन, अब छह साल बाद फिर साथ
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने 1997, 2002, 2007, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़े थे। इन पांच चुनावों में गठबंधन को तीन बार जीत मिली और 1997, 2007 तथा 2012 में सरकार बनाई। साल 2020 में केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था। इसके बाद 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों ने फिर हाथ मिला लिया है।
क्या कहता है वोटों का गणित?
2024 के लोकसभा चुनाव में पंजाब में बीजेपी को करीब 18.56 प्रतिशत और अकाली दल को लगभग 13.42 प्रतिशत वोट मिले थे। दोनों का वोट प्रतिशत जोड़ने पर यह करीब 32 प्रतिशत बैठता है। वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को 18.38 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि बीजेपी का वोट शेयर करीब 6.6 प्रतिशत रहा था। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने 42.01 प्रतिशत वोट के साथ 117 में से 92 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को 22.98 प्रतिशत वोट मिले थे।
2024 के लोकसभा चुनाव में पंजाब में AAP का वोट शेयर घटकर 26.30 प्रतिशत और कांग्रेस का बढ़कर करीब 26.02 प्रतिशत रहा। ऐसे में बीजेपी और अकाली दल के साथ आने से चुनावी मुकाबले के समीकरण बदल सकते हैं। हालांकि, लोकसभा और विधानसभा चुनाव के वोट प्रतिशत की तुलना से विधानसभा चुनाव के नतीजों का सीधा अनुमान नहीं लगाया जा सकता।
क्या होगा सीट बंटवारे का फॉर्मूला?
पिछले गठबंधन में शिरोमणि अकाली दल 94 और बीजेपी 23 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ती थी। लेकिन इस बार सीटों का बंटवारा अहम मुद्दा हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी पुराने फॉर्मूले के मुकाबले ज्यादा सीटों की मांग कर सकती है। फिलहाल दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। यह भी देखना होगा कि गठबंधन के दायरे में अकाली दल के अन्य धड़े शामिल होंगे या नहीं। ऐसे में 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले इस गठबंधन का असर और सीटों का समीकरण महत्वपूर्ण रहेगा।




















