Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

85 साल के बुजुर्ग के पक्ष में दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला, बेटे-बहू को 4 हफ्ते में घर खाली करने का आदेश

दिल्ली हाईकोर्ट ने 85 साल के एक बुजुर्ग को राहत देते हुए उनके बड़े बेटे और बहू को चार सप्ताह के भीतर मकान खाली करने का आदेश दिया है। यह मामला दक्षिण दिल्ली के मस्जिद मोठ इलाके का है, जहां बुजुर्ग अपने ही घर में बेटे और बहू के साथ नहीं रहना चाहते थे। अदालत ने साफ कहा कि किसी वरिष्ठ नागरिक को उसकी इच्छा के खिलाफ अपने घर में बच्चों के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।
85 साल के बुजुर्ग के पक्ष में दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला, बेटे-बहू को 4 हफ्ते में घर खाली करने का आदेश
85 साल के बुजुर्ग के पक्ष में दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला

नई दिल्ली। हाईकोर्ट ने माना कि बुजुर्ग को अपनी संपत्ति में शांति और सम्मान के साथ रहने का पूरा अधिकार है। इसके लिए बेटे-बहू के खिलाफ उत्पीड़न या दुर्व्यवहार के ठोस सबूत देना हर स्थिति में जरूरी नहीं है। अदालत ने जरूरत पड़ने पर स्थानीय थाने के एसएचओ को बुजुर्ग की मदद करने और आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए हैं।

बुजुर्ग की इच्छा के खिलाफ घर में नहीं रह सकते बच्चे

जस्टिस अमित महाजन की पीठ ने कहा कि 85 साल की उम्र में किसी व्यक्ति को अपने घर में शांति और सम्मान के साथ रहने का अधिकार है। अगर पारिवारिक रिश्ते इतने खराब हो जाएं कि बुजुर्ग को अपने ही घर में परेशानी का सामना करना पड़े, तो उसे बच्चों के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। अदालत ने यह भी कहा कि बुजुर्ग की संपत्ति सुरक्षित रखने और उसे शांतिपूर्ण माहौल देने के लिए बेदखली जरूरी हो सकती है। इस मामले में बुजुर्ग साल 2022 से कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे और उन्हें पुलिस की मदद भी मांगनी पड़ी थी।

ये भी पढ़ें: दिल्ली दंगा केस : आरोपी उमर खालिद को राहत, मां की सर्जरी के लिए 3 दिन की अंतरिम जमानत मंजूर; हाईकोर्ट ने लगाईं कड़ी शर्तें

उत्पीड़न के ठोस सबूत देना हर हाल में जरूरी नहीं

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि अगर कोई वरिष्ठ नागरिक अपनी संपत्ति से बच्चों को बाहर करना चाहता है, तो उसे हर बार उत्पीड़न या दुर्व्यवहार के पुख्ता सबूत पेश करने की जरूरत नहीं है। केवल यह दिखाना पर्याप्त है कि संपत्ति की सुरक्षा और सम्मान के साथ रहने के लिए बच्चों को बेदखल करना जरूरी है। अदालत ने माना कि निचले अधिकारियों ने बेदखली से पहले उत्पीड़न साबित करने के लिए स्पष्ट और ठोस सबूत मांगकर गलती की थी। कानून या 2009 के नियमों में ऐसी कोई अनिवार्य शर्त नहीं है।

घर के भीतर होने वाले उत्पीड़न के सबूत जुटाना मुश्किल

अदालत ने कहा कि बुजुर्गों के साथ बच्चों द्वारा किए जाने वाले दुर्व्यवहार की घटनाएं अक्सर घर की चारदीवारी के भीतर होती हैं। ऐसे मामलों में स्वतंत्र गवाह या दूसरे ठोस सबूत जुटाना आसान नहीं होता। माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत होने वाली कार्रवाई संक्षिप्त प्रकृति की होती है। इसलिए अधिकारियों से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वे किसी दीवानी या आपराधिक मुकदमे की तरह सबूतों के सख्त मानक लागू करें।

SDM की दोनों जांच रिपोर्टों पर हाईकोर्ट ने उठाए सवाल

हाईकोर्ट ने उप-मंडल मजिस्ट्रेट (SDM) की ओर से सौंपी गई दोनों जांच रिपोर्टों को भी संतोषजनक नहीं माना। पहली रिपोर्ट 25 फरवरी 2023 को दी गई थी, जिसमें कहा गया था कि बुजुर्ग की उत्पीड़न संबंधी शिकायत सही है या नहीं, यह तय नहीं हो सका। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी शिकायत की पुष्टि नहीं हो पाने का मतलब यह नहीं है कि आरोप गलत साबित हो गए। दूसरी रिपोर्ट 17 सितंबर 2025 को पेश की गई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बयान, घर का दौरा और दस्तावेजों का जिक्र था, लेकिन सबूतों और निरीक्षण के दौरान मिली जानकारी पर कोई स्पष्ट चर्चा नहीं की गई थी।

बिना कारण बताए उत्पीड़न का आरोप खारिज करना गलत

दूसरी जांच रिपोर्ट में केवल इतना निष्कर्ष दिया गया था कि स्पष्ट सबूत नहीं मिलने के कारण उत्पीड़न का आरोप साबित नहीं हुआ। हाईकोर्ट ने कहा कि बिना किसी ठोस वजह के दिया गया ऐसा निष्कर्ष स्वीकार नहीं किया जा सकता। अदालत ने यह भी माना कि बुजुर्ग के बेटों के बीच कारोबारी विवाद होने से उनकी शिकायत को झूठा या बेबुनियाद नहीं माना जा सकता। इस आधार पर उन्हें वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत मिलने वाली सुरक्षा से भी वंचित नहीं किया जा सकता।

Breaking News

1980 में DDA से मिली थी संपत्ति

बुजुर्ग को यह मकान साल 1980 में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) से मिला था। साल 2000 में उन्होंने इसे फ्रीहोल्ड करा लिया, जिससे संपत्ति पर उनका पूर्ण मालिकाना हक हो गया। साल 2022 में उन्होंने वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत अधिकारियों से बड़े बेटे और बहू को मकान से बाहर करने की मांग की थी। उनका आरोप था कि उन्होंने दोनों को दूसरी जगह रहने की व्यवस्था करने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने घर खाली करने से इनकार कर दिया। बुजुर्ग ने यह भी बताया था कि समय के साथ उनके प्रति बेटे और बहू का व्यवहार खराब होता गया और उन्होंने कई बार पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई। हाईकोर्ट पहले भी पुलिस को बेटे-बहू से कथित खतरे की स्थिति में बुजुर्ग को हरसंभव सहायता देने का निर्देश दे चुका था। अब अदालत ने दोनों को चार सप्ताह में मकान खाली करने और जरूरत पड़ने पर स्थानीय एसएचओ को आदेश का पालन कराने में मदद करने के निर्देश दिए हैं।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts