सोहागपुर के टूराखापा में पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 500 लीटर महुआ लाहन किया नष्ट
सोहागपुर। समीपवर्ती ग्राम टूराखापा में सोहागपुर पुलिस ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 500 लीटर महुआ लाहन नष्ट किया। पुलिस ने मौके पर शराब बनाने में उपयोग की जा रही सामग्री को भी नष्ट करते हुए आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत कार्रवाई की है।
एसडीओपी अरविंद साहा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर बड़ी मात्रा में महुआ लाहन बरामद किया और उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक एस एस अली, सहायक उप निरीक्षक वरुण सिंह, प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार, विनोद नागर, भूपेश मिश्रा एवं आरक्षक मनोहर दायमा सहित पुलिस बल शामिल रहा।
जहरीली शराब का बढ़ता खतरा, पुलिस की कार्रवाई जरूरी
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अवैध एवं जहरीली शराब का कारोबार गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। हाल ही में जहरीली शराब से जुड़े घटनाक्रमों और एक थाना प्रभारी की मौत के बाद भी अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
हरसूद में अवैध शराब के अड्डों पर पुलिस का छापा, जंगलों से 6 हजार लीटर महुआ लहान नष्ट
मढ़ई में आदिवासी महिलाओं ने भी खोला मोर्चा
इधर, पर्यटन क्षेत्र मढ़ई में भी पिछले दिनों अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आदिवासी महिलाओं ने धरना-प्रदर्शन कर शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग उठाई थी। महिलाओं का कहना था कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री और इससे जुड़ी सामाजिक विकृतियां भी बढ़ रही हैं।
क्षेत्र के कई आदिवासी गांवों में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में टूराखापा में पुलिस की कार्रवाई को इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। खास बात यह है कि अब पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आदिवासी महिलाएं भी अवैध शराब के खिलाफ खुलकर सामने आ रही हैं।
हालांकि, इस समस्या पर स्थायी अंकुश लगाने के लिए केवल छिटपुट कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी। अवैध शराब निर्माण और बिक्री के ठिकानों पर निरंतर निगरानी, नियमित दबिश और सामाजिक जागरूकता के प्रयास भी जरूरी हैं।























