मंडला में छात्राओं ने छात्रावास अधीक्षिका के खिलाफ खोला मोर्चा, 7 किमी पैदल चलकर कलेक्टर से की शिकायत

मंडला। छात्राओं ने अधीक्षिका पर दुर्व्यवहार, जाति को लेकर टिप्पणी करने और अनुचित गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। वहीं, अधीक्षिका ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए शिक्षकों पर साजिश करने का आरोप लगाया है। कलेक्टर ने मामले की जांच कराकर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
अधीक्षिका के व्यवहार से परेशान होने का आरोप
छात्राओं का कहना है कि अधीक्षिका के व्यवहार के कारण छात्रावास में रहना और पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने अधीक्षिका पर दुर्व्यवहार करने, जाति को लेकर टिप्पणी करने और अनुचित गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। छात्राओं के मुताबिक, वे लंबे समय से परेशान हैं और पहले भी शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें: मंडला में दादा-पोती की डूबने से मौत, नहाने गए थे दतला नाला; गांव में पसरा मातम
शिकायत लेकर पहुंचीं तो स्कूल स्टाफ ने रोकने की कोशिश की
विरोध करने वाली कई सीनियर छात्राएं पहले ही दूसरे छात्रावास में जा चुकी हैं। अब बाकी छात्राएं भी अधीक्षिका को हटाने की मांग कर रही हैं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि शिकायत लेकर जिला मुख्यालय आते समय स्कूल स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके कारण उनकी एक दिन की पढ़ाई भी छूट गई।
अधीक्षिका ने आरोपों को बताया निराधार
अधीक्षिका सिंधिया चौकसे ने छात्राओं के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि स्थानीय शिक्षक उनसे जलन रखते हैं और उनके खिलाफ साजिश कर रहे हैं। चौकसे के मुताबिक, छुट्टियों से लौटने के बाद उन्हें प्रभार न देना पड़े, इसलिए छात्राओं के जरिए शिकायत कराई गई है।
अधीक्षिका ने प्रभारी प्राचार्य पर लगाए आरोप
सिंधिया चौकसे ने प्रभारी प्राचार्य प्रदीप वरकड़े पर धार्मिक गतिविधियां कराने का आरोप भी लगाया है। वहीं, प्रभारी प्राचार्य वरकड़े ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि स्कूल में केवल राष्ट्रगान और तय प्रार्थना ही कराई जाती है।
कलेक्टर ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा
कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने बताया कि छात्राओं और कुछ पालकों ने अधीक्षिका के व्यवहार को लेकर शिकायत दी है। मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी बताया कि मामले से जुड़े कुछ कोर्ट केस हैं, जिनकी जांच की जा रही है। कलेक्टर ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।




















