Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मैहर में जंगली हाथी का आतंक, भीड़ देख बिदका तो गाय को कुचलकर मार डाला

मैहर के अमरपाटन क्षेत्र में बांधवगढ़ से भटककर पहुंचे रेडियो कॉलर लगे हाथी ने चोरखरी गांव के पास एक गाय को कुचलकर मार डाला। हाथी फिलहाल ओबरा गांव के पास विचरण कर रहा है।
मैहर में जंगली हाथी का आतंक, भीड़ देख बिदका तो गाय को कुचलकर मार डाला

मध्यप्रदेश के मैहर जिले में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से भटककर पहुंचे जंगली हाथी का मूवमेंट लगातार ग्रामीण इलाकों में बना हुआ है। पिछले पांच दिनों से अमरपाटन क्षेत्र में घूम रहे रेडियो कॉलर लगे नर हाथी E5 (C4) ने सोमवार की दरमियानी रात चोरखरी गांव के पास एक गाय को पैरों तले कुचलकर मार डाला। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों की भीड़ देख बिदका हाथी

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए थे। भीड़ देखकर हाथी बिदक गया और आक्रामक हो गया। इसी दौरान उसने सामने आई गाय पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में गाय की मौके पर ही मौत हो गई।

बाणसागर जलाशय पार कर मैहर पहुंचा था हाथी

जानकारी के मुताबिक, बांधवगढ़ से निकला यह नर हाथी 28 और 29 अक्टूबर की दरमियानी रात बाणसागर जलाशय पार कर मैहर जिले के रामनगर क्षेत्र में पहुंचा था। इसके बाद से वह लगातार जंगलों और खेतों के रास्ते अपनी लोकेशन बदल रहा है। पिछले पांच दिनों से वन विभाग का विशेष निगरानी दल हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। विभाग की कोशिश है कि हाथी को सुरक्षित तरीके से घने जंगल की ओर भेजा जाए और वह आबादी वाले क्षेत्रों में न पहुंचे।

Breaking News

गांवों में मुनादी, रात में बाहर न निकलने की सलाह

हाथी की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई है। ग्रामीणों को रात के समय जंगलों और खेतों की ओर नहीं जाने की हिदायत दी गई है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी के पास जाने, भीड़ जुटाने, उसे छेड़ने या भगाने की कोशिश न करें। हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

ओबरा गांव के पास विचरण कर रहा हाथी

अमरपाटन वन परिक्षेत्र के रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी के मुताबिक, हाथी इटमा कोठार से करीब तीन किलोमीटर आगे बढ़कर फिलहाल ओबरा गांव के समीप विचरण कर रहा है। कॉलर आईडी के जरिए उसकी लोकेशन लगातार ट्रेस की जा रही है और वन विभाग का मैदानी अमला मौके पर तैनात है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts