हरदा: बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी, 274 जगहों पर की गई कार्रवाई; उपभोक्ताओं पर 60.93 लाख रुपए का जुर्माना

हरदा। जांच के दौरान संबंधित उपभोक्ताओं पर कुल 60 लाख 93 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। महाप्रबंधक सुरेश कुमार के निर्देशन में 24 जांच दलों ने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की।
जिलेभर में 274 मामलों में बिजली चोरी पकड़ी
मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने 3 नवंबर को हरदा जिले में बिजली चोरी और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिजली चोरी के कुल 274 मामले दर्ज किए गए। संबंधित उपभोक्ताओं पर कुल 60 लाख 93 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
ये भी पढ़ें: सतना में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 260 कनेक्शन जांचे तो 43 जगह पकड़ी गई चोरी
महाप्रबंधक के निर्देशन में गठित किए गए 24 जांच दल
कंपनी के हरदा सर्कल के महाप्रबंधक सुरेश कुमार के निर्देशन में अभियान के लिए 24 जांच दल बनाए गए थे। इन दलों ने जिले के अलग-अलग वितरण केंद्रों और क्षेत्रों में घरों के साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान बिजली के अवैध उपयोग और अनियमितताएं सामने आने पर कार्रवाई की गई।
विद्युत अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज किए मामले
जांच के दौरान बिजली का अवैध उपयोग और अनियमितताएं पाए जाने पर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 126 और 135 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। कंपनी ने संबंधित उपभोक्ताओं पर जुर्माना लगाया है। कार्रवाई का उद्देश्य बिजली चोरी पर अंकुश लगाना और वैध विद्युत कनेक्शनों को प्रोत्साहित करना है।
बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी रहेगा जारी
कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें और किसी भी तरह की अनियमितता से बचें।
ये भी पढ़ें: सीहोर में बिजली टीम पर हमला,महिला कर्मचारी का गला दबाने की कोशिश, ईंट-पत्थर से हमले के आरोप में 8 पर FIR
बिजली चोरी से कंपनी और उपभोक्ताओं को होता है नुकसान
कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, बिजली चोरी से कंपनी को आर्थिक नुकसान होता है। इसका असर ईमानदार उपभोक्ताओं और पूरी विद्युत व्यवस्था पर भी पड़ता है। इसी को देखते हुए अवैध कनेक्शनों और बिजली चोरी के मामलों में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।




















