कटनी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सेहत से खिलवाड़! स्टॉल से मिले एक्सपायरी ड्रिंक्स

रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते समय यात्री अक्सर कुछ खाने-पीने का सामान खरीदते हैं। लेकिन अगर वही सामान एक्सपायरी हो, तो यह सेहत के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। मध्य प्रदेश के कटनी जंक्शन पर ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां रेलवे अधिकारियों की जांच में एक खान-पान स्टॉल पर बड़ी संख्या में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक्स और अन्य खाद्य पदार्थ मिले हैं। कार्रवाई के बाद स्टेशन के दूसरे स्टॉल संचालकों में भी हलचल मच गई।
औचक जांच में सामने आई गड़बड़ी
यह मामला 12 नवंबर 2026 का है। कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3/4 पर जबलपुर एंड की ओर स्थित एमपीएस-03 (मैसर्स भदौरिया कैटरर्स) पर रेलवे अधिकारियों ने अचानक जांच की। इस संयुक्त जांच में सीसीआई नावेद सिद्दीकी, एसएमसी एचके शुक्ला और सीएचआई बलवेंद्र प्रताप सिंह शामिल थे। जांच के दौरान अधिकारियों को स्टॉल पर कई ऐसे खाद्य और पेय पदार्थ मिले, जिनकी इस्तेमाल करने की अवधि पहले ही खत्म हो चुकी थी। ये सामान यात्रियों को बेचने के लिए स्टॉल पर रखा हुआ था। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई की।
स्प्राइट से लेकर माजा तक, कई एक्सपायरी ड्रिंक्स जब्त
जांच के दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग ब्रांड के कई पेय पदार्थ जब्त किए। इनमें 750 एमएल की स्प्राइट की 39 बोतलें शामिल थीं। इनकी एक्सपायरी तारीख 25 अक्टूबर 2026 थी। इसके अलावा 600 एमएल की मैंगो ड्रिंक की 8 बोतलें मिलीं, जिनकी इस्तेमाल की अवधि 3 अक्टूबर को खत्म हो चुकी थी। वहीं, 600 एमएल की माजा की 4 बोतलें भी जब्त की गईं। इनकी एक्सपायरी तारीख 12 अक्टूबर 2026 थी। इसके साथ ही 180 एमएल के मसाला छाछ के 3 टेट्रा पैक और 200 एमएल के स्लाइस मैंगो ड्रिंक के 4 पैक भी मिले। इनकी इस्तेमाल की अवधि क्रमशः 23 सितंबर और 29 अक्टूबर 2026 को समाप्त हो चुकी थी। इतना ही नहीं, 150 एमएल के माजा के 2 टेट्रा पैक और 2.25 लीटर की 7-अप की 4 बोतलें भी एक्सपायरी हालत में मिलीं। इनकी इस्तेमाल की अवधि भी अक्टूबर 2026 में खत्म हो गई थी। इन सभी पेय पदार्थों के अलावा एक ऐसे ब्रांड की मलबरी टुट्टी फ्रूटी के 10 पैकेट भी जब्त किए गए, जिसे अधिकारियों ने अनअप्रूव्ड बताया।
ये भी पढ़ें: राजगढ़ की पंचायतों ने लिया संकल्प, गांवों में नहीं होगा बाल विवाह, बाल सगाई और बाल श्रम; हर बच्चे को मिलेगी शिक्षा
मौके पर ही नष्ट कराया गया सामान
अधिकारियों ने सभी एक्सपायरी और अमानक उत्पादों को जब्त कर लिया। इसके बाद स्टॉल संचालक की मौजूदगी में इन सामानों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इस कार्रवाई का मकसद यात्रियों को अवधि पार और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचाना था।
यात्रियों की सेहत से जुड़ा है मामला
रेलवे स्टेशन पर बिकने वाले खाने-पीने के सामान की गुणवत्ता और उसकी एक्सपायरी तारीख पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। सफर के दौरान यात्री कई बार बिना जांच किए स्टॉल से सामान खरीद लेते हैं। ऐसे में इस तरह की लापरवाही उनकी सेहत के लिए खतरा बन सकती है। कटनी स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई से खान-पान स्टॉल संचालकों को साफ संदेश मिला है कि यात्रियों को एक्सपायरी सामान बेचना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही यात्रियों के लिए भी जरूरी है कि वे कोई भी पैक्ड खाद्य पदार्थ या पेय खरीदने से पहले उसकी एक्सपायरी तारीख जरूर जांच लें।




















