केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह का बड़ा हमला, बोले- ‘राहुल को कांग्रेस ही नेता मानने को तैयार नहीं, देश कैसे मानेगा’

नई दिल्ली। भाजपा ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन INDIA बिखर रहा है तथा अखिलेश यादव एवं अन्य नेताओं के गठबंधन की बुधवार की बैठक में शामिल नहीं होने के बाद उसके नेताओं ने राहुल गांधी के नेतृत्व को खारिज कर दिया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संवाददाताओं को बताया, इंडिया गठबंधन को अलग रखिए; यहां तक कि कांग्रेस के नेता और पार्टी सदस्य भी राहुल गांधी को अपना नेता स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। राहुल खुद, कांग्रेस कार्य समिति की बैठकों के दौरान, बार-बार गुहार लगाते हैं-मुझे अपना नेता स्वीकार करें, मुझ पर भरोसा करें। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर संयुक्त आंदोलन की कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के लिए विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (INDIA) के नेताओं की यहां हुई बैठक के बाद चौहान की यह टिप्पणी आई।
बैठक होने से पहले ही बिखर गया INDIA गठबंधन
चौहान ने कहा, इंडिया गठबंधन बैठक होने से पहले ही बिखर गया। द्रमुक बैठक में शामिल नहीं हो रही है। अखिलेश कहीं और व्यस्त हैं। आप पहले ही मना कर चुकी थी। चौहान ने कहा कि शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे डिजिटल माध्यम से शामिल हुए। भाजपा नेता ने कहा, "ऐसा क्यों हो रहा है? इसलिए क्योंकि इंडिया गठबंधन राहुल गांधी को अपना नेता मानने को तैयार ही नहीं है। उनके नेतृत्व को स्वीकार नहीं किया जा रहा है; इसीलिए वे आ भी नहीं रहे हैं।
ये भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट में किसानों को बड़ा तोहफा, गेहूं समेत 6 फसलों का बढ़ा MSP
लोकतंत्र नहीं, ये तो परिवार बचाओ मार्च है
इंडिया गठबंधन द्वारा घोषित किए गए 'सेव डेमोक्रेसी मार्च' को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ये असल में लोकतंत्र बचाने की कोई मुहिम नहीं है, बल्कि ये विशुद्ध रूप से 'परिवार बचाओ मार्च' (Save Dynasty March) है। चौहान ने आरोप लगाया कि विपक्ष हमेशा से ही संवैधानिक संस्थाओं पर सुनियोजित हमले करने के लिए जाना जाता है, जबकि भाजपा SIR का बचाव करती है क्योंकि ये लोकतंत्र की आत्मा है।
मतदाता सूची में गलत नाम शामिल किए तो लोकतंत्र खत्म होगा
चौहान ने सवाल किया, देश ऐसे व्यक्ति को नेता के तौर पर कैसे स्वीकार कर सकता है, जिसे खुद कांग्रेस पार्टी ही स्वीकार नहीं करती? उन्होंने कहा, सही मतदाता सूची लोकतंत्र की आत्मा है और अगर इसमें गलत नाम शामिल किए जाते हैं, तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहता हूं कि जो व्यक्ति अब जीवित नहीं है, उसका नाम मतदाता सूची से हटाने पर आपको क्या आपत्ति हो सकती है?
बेहतरीन लोकतंत्र के लिए मतदाता सूची सटीक होना जरूरी
चौहान ने कहा कि एक बेहतरीन लोकतंत्र के लिए मतदाता सूची का सटीक होना जरूरी है। उन्होंने कहा, अगर दोहराव के मामलों में किसी एक जगह से नाम हटा दिया जाता है, तो क्या समस्या है? जो व्यक्ति देश का नागरिक ही नहीं है, उसका नाम मतदाता सूची में क्यों शामिल किया जाना चाहिए?
ये भी पढ़ें: चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA गठबंधन ने बनाया प्लान; 2 से 8 अक्टूबर तक ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’, 6 को दिल्ली में प्रदर्शन




















