सीहोर में हरदीप पुरी की राज्यसभा उम्मीदवारी पर कांग्रेस का विरोध, पुतला फूंका, एप्सटीन फाइल्स विवाद को लेकर भाजपा से मांगा जवाब

सीहोर। मध्य प्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को राज्यसभा भेजने के भाजपा के फैसले ने प्रदेश की सियासत में विरोध की चिंगारी भड़का दी है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने अब सड़कों पर उतरकर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के न्यू बस स्टैंड पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन कर भाजपा के फैसले के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शन के दौरान एप्सटीन फाइल्स विवाद को लेकर भाजपा नेतृत्व से जवाब मांगते हुए जमकर नारेबाजी की गई।
राज्यसभा उम्मीदवारी पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने प्रदर्शन के दौरान भाजपा की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस व्यक्ति को लेकर एप्सटीन फाइल्स विवाद में लगातार सवाल उठ रहे हैं, उसे मध्य प्रदेश से राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया जाना कई सवाल खड़े करता है।
गुजराती ने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व को प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक सम्मान की चिंता नहीं है। कांग्रेस ने इस फैसले को मध्य प्रदेश की जनता के सम्मान से जोड़ते हुए भाजपा से जवाब मांगा। गुजराती ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी और भाजपा के फैसले का विरोध जारी रखेगी।
न्यू बस स्टैंड पर पुतला दहन कर जताया आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान न्यू बस स्टैंड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और केंद्रीय मंत्री के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते प्रदर्शन ने जोर पकड़ लिया।
कार्यकर्ताओं ने 'हरदीप पुरी मुर्दाबाद' और 'हरदीप पुरी कौन है, एप्सटीन का दोस्त है' जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेतृत्व से इस उम्मीदवारी को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
एप्सटीन फाइल्स विवाद बना राजनीतिक टकराव का मुद्दा
दरअसल, हरदीप सिंह पुरी का नाम जेफ्री एप्सटीन से संबंधित दस्तावेजों और ईमेल संवाद के संदर्भ में सामने आने के बाद कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि इस विवाद के बावजूद भाजपा ने उन्हें मध्य प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी बनाया है।
वहीं, हरदीप सिंह पुरी पहले इन आरोपों को खारिज करते हुए कह चुके हैं कि एप्सटीन से उनकी मुलाकातों और बातचीत का उसके अपराधों से कोई संबंध नहीं था। ऐसे में यह मुद्दा अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बन गया है। कांग्रेस इसे सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही और पारदर्शिता से जुड़ा मामला बता रही है।
12 नवंबर को होना है उपचुनाव, प्रदेश की राजनीति में बढ़ी हलचल
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट के लिए 12 नवंबर को उपचुनाव होना है। भाजपा ने 28 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। शनिवार को उन्होंने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में नामांकन भी दाखिल कर दिया। इसके बाद कांग्रेस का विरोध और तेज हो गया है। पार्टी इस मुद्दे को लेकर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन कर रही है। सीहोर में हुआ पुतला दहन भी इसी विरोध अभियान की कड़ी माना जा रहा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विवेक राठौर, घनश्याम यादव, प्रीतम दयाल चौरसिया, राजाराम बड़े भाई, राहुल यादव, सीताराम भारती, ओमबाबा राठौर, राजेश भूरा यादव, सुनील दुबे, हफीज चौधरी, रामायण प्रसाद शुक्ला, अरुण राय, मांगीलाल टिमरई, रामभजन राय, संतोष सिंह, केके रिछारिया, तुलसी राजकुमार राठौर, भगत सिंह तोमर, कमलेश चाण्डक, संतोष मालवीय, आसिफ अंसारी, अजय रैकवार, हरिओम सिसोदिया, सुयश तोमर, ममता शर्मा, प्रवेश परिहार, तनिष्क त्यागी, विवेक टांक, अभिषेक लोधी और जतिन परमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




















