Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बेटे के जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, आखिरी सेल्फी के कुछ मिनट बाद उजड़ गया पूरा परिवार, तीन की मौत

दो साल के बेटे के जन्मदिन पर हनुमान मंदिर दर्शन करने निकले दंपती की बाइक को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी और मासूम की मौत हो गई।
बेटे के जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, आखिरी सेल्फी के कुछ मिनट बाद उजड़ गया पूरा परिवार, तीन की मौत

सीहोर। कभी-कभी जिंदगी में कुछ पल ऐसे होते हैं, जो हमेशा के लिए यादों में कैद हो जाते हैं। कोई नहीं जानता कि हंसते-मुस्कुराते चेहरे के साथ खिंचवाई गई तस्वीर जिंदगी की आखिरी तस्वीर बन जाएगी। शाजापुर जिले के सारंगपुर-अकोदिया मार्ग पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक ऐसे ही हंसते-खेलते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

अपने दो साल के इकलौते बेटे के जन्मदिन पर भगवान के दर्शन करने निकले पति-पत्नी और उनका मासूम बेटा कुछ ही पलों में मौत के आगोश में समा गए। हादसे से कुछ समय पहले सोशल मीडिया स्टेटस पर साझा की गई उनकी सेल्फी अब परिवार की आखिरी याद बनकर रह गई है। सीहोर निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों के मौत किसी और में मातम छा गया।

जन्मदिन की खुशियां लेकर निकले थे मंदिर

आष्टा की इंद्र कॉलोनी निवासी अजित पंवार अपनी पत्नी पूजा और दो साल के बेटे शिवांशु के साथ शनिवार को बेटे का जन्मदिन मनाने निकले थे। परिवार ने इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए बोलाई हनुमान मंदिर में दर्शन करने का कार्यक्रम बनाया था। घर से निकलते समय परिवार के चेहरे पर खुशियां थीं।

मंदिर पहुंचकर दर्शन करने से पहले या इसी दौरान उन्होंने एक सेल्फी खींची और उसे सोशल मीडिया स्टेटस पर साझा किया। तस्वीर में एक साथ नजर आ रहा यह परिवार शायद इस बात से पूरी तरह अनजान था कि यह तस्वीर उनकी जिंदगी की आखिरी तस्वीर बन जाएगी। कुछ देर बाद ही यह खुशहाल परिवार हमेशा के लिए बिछड़ गया।

बिजली नहीं तो रास्ता नहीं! महोड़िया में ग्रामीणों ने मंत्री करण सिंह वर्मा का काफिला रोककर खोली विभाग की पोल

कुत्ता बना हादसे की वजह, पीछे से आई मौत

सलसलाई थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे अजित पंवार अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक से मंदिर दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गोदना गांव के पास अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया।

कुत्ते को बचाने के प्रयास में अजित ने तत्काल बाइक के ब्रेक लगाए। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पलभर में जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं।

सड़क पर बिखरे शव, ग्रामीणों ने कपड़ों से ढंके

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास खेतों में काम कर रहे मजदूर और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। सड़क पर पड़े तीनों शवों और मासूम बच्चे को देखकर वहां मौजूद लोगों का कलेजा कांप उठा। इस हृदयविदारक दृश्य के बीच ग्रामीणों ने मानवता का परिचय दिया। उन्होंने तीनों शवों को कपड़ों से ढंका और तत्काल पुलिस को सूचना दी। हादसे का मंजर इतना दर्दनाक था कि मौके पर पहुंचे लोग भी कुछ देर तक स्तब्ध रह गए।

सोशल मीडिया पर तस्वीरों से हुई पहचान

शुरुआत में हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके बाद आसपास के लोगों ने हादसे की तस्वीरें और जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के आधार पर मृतकों की पहचान आष्टा निवासी अजित पंवार, उनकी पत्नी पूजा और दो वर्षीय बेटे शिवांशु के रूप में हुई। सूचना मिलते ही डायल 112 और सलसलाई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू की।

सीहोर में सड़क के गड्ढे ने ली गर्भवती की जान, सकल समाज ने मांगा मुआवजा और पति को सरकारी नौकरी

एक सेल्फी, जो अब कभी पुरानी नहीं होगी

इस हादसे ने तीन जिंदगियां ही नहीं छीनीं, बल्कि एक परिवार के सपनों, उम्मीदों और भविष्य को भी हमेशा के लिए खत्म कर दिया। जिस बेटे के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए माता-पिता मंदिर दर्शन करने गए थे, उसी मासूम के साथ दोनों इस दुनिया से विदा हो गए।

सोशल मीडिया पर कुछ समय पहले तक मुस्कुराते चेहरों के साथ मौजूद उनकी सेल्फी अब देखने वालों की आंखें नम कर रही है। जन्मदिन की वह तस्वीर अब खुशियों का नहीं, बल्कि एक ऐसी दर्दनाक कहानी का प्रतीक बन गई है, जिसे परिवार और परिचित शायद जिंदगीभर नहीं भुला पाएंगे।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts