सौरभ चंद्राकर से ED की 7 दिन पूछताछ, महादेव सट्टा सिंडिकेट के खुलेंगे रा, 2,000 करोड़ जब्त, 3,500 करोड़ की संपत्ति कुर्क

रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद अब इस हाईप्रोफाइल मामले में बड़े खुलासों की उम्मीद बढ़ गई है। करीब तीन साल से फरार चल रहे सौरभ को ओमान से भारत लाने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया है। रायपुर की विशेष PMLA अदालत ने उसे 19 नवंबर तक सात दिन की ED हिरासत में भेज दिया है। जांच एजेंसी अब उसके विदेशी नेटवर्क, हवाला कारोबार, करोड़ों के लेन-देन और सहयोगियों की भूमिका की पड़ताल करेगी।
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद ED की जांच तेज
महादेव सट्टा ऐप मामले में ED की जांच ने कथित तौर पर ऐसे आर्थिक नेटवर्क का खुलासा किया है, जिसकी पहुंच भारत से दुबई और अन्य विदेशी ठिकानों तक थी। जांच में हर महीने करीब 450 करोड़ रुपए की कमाई, शादी में 200 करोड़ रुपए खर्च और अमेरिकी कंपनी के अधिग्रहण में सट्टे की रकम इस्तेमाल किए जाने जैसे गंभीर तथ्य सामने आए हैं।
संबंधित खबर: महादेव सट्टा नेटवर्क की कमाई 92 हजार करोड़ पार,ED का बड़ा खुलासा, सौरभ चंद्राकर से 7 दिन पूछताछ
7 दिन की ED रिमांड, अब खुलेगा विदेशी नेटवर्क का राज
ED के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया गया। ओमान से भारत लाए जाने के बाद उसे रायपुर स्थित विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पूछताछ के लिए 19 नवंबर तक सात दिनों की ED हिरासत मंजूर की है। इस मामले में भारत वापस लाया गया सौरभ गिरोह का पहला प्रमुख प्रमोटर बताया गया है। ED अब उसके सहयोगियों के बयान, डिजिटल साक्ष्य, विदेशी कंपनियों के दस्तावेज और बैंकिंग लेन-देन के आधार पर पूछताछ कर रही है।
दुबई से चलता था महादेव सट्टे का साम्राज्य
जांच एजेंसी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर और उसका सहयोगी रवि उप्पल दुबई स्थित मुख्यालय से भारत और संयुक्त अरब अमीरात में सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। इसके लिए अलग-अलग ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों और फ्रेंचाइजी पैनलों का इस्तेमाल किया जाता था। सट्टे से मिलने वाली रकम दूसरों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए रकम विदेश भेजी जाती थी। ED ने अक्टूबर 2023 में दाखिल अभियोजन परिवाद में इस सिंडिकेट की मासिक कमाई करीब 450 करोड़ रुपए आंकी थी।
रेड कॉर्नर नोटिस भी नहीं रोक पाया सौरभ
सौरभ चंद्राकर सितंबर 2023 में ED के समन पर पेश नहीं हुआ था। इसके बाद विशेष अदालत ने 4 सितंबर 2023 को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। ED के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए सौरभ ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर की, लेकिन 22 मार्च 2025 को अदालत ने इसे खारिज कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि भारतीय पासपोर्ट धारक होने के बावजूद उसने वानुआतु का पासपोर्ट हासिल किया था। उसने अदालत में दावा किया था कि 28 जून 2022 को भारतीय नागरिकता छोड़ चुका है।
संबंधित खबर: महादेव सट्टा नेटवर्क पर CBI का बड़ा प्रहार, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर रेड, किराए के खातों से विदेश भेजते थे करोड़ों
मस्कट कोर्ट के आदेश से भारत लाया गया सौरभ
सौरभ की भारत वापसी के लिए ED ने भारत-ओमान प्रत्यर्पण संधि के तहत कार्रवाई की। विशेष अदालत का प्रत्यर्पण अनुरोध राजनयिक माध्यमों से ओमान भेजा गया था। मस्कट की अपीलीय अदालत ने 8 अक्टूबर 2026 को उसके प्रत्यर्पण का आदेश दिया। भारतीय दूतावास से नागरिकता की पुष्टि होने के बाद भारतीय नागरिकता छोड़ने संबंधी उसकी दलील खारिज कर दी गई। ED की जानकारी के अनुसार, कूटरचित यात्रा दस्तावेजों के आधार पर मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बाहर जाने की कोशिश के दौरान उसे पकड़ा गया। इसके बाद 1 नवंबर 2026 को CBI की टीम उसे भारत लेकर आई।
2,000 करोड़ की संपत्ति जब्त, 3,500 करोड़ की कुर्की
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ED की कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ता गया है। जांच एजेंसी के मुताबिक अब तक करीब 190 ठिकानों पर तलाशी ली जा चुकी है। कार्रवाई के दौरान करीब 2,000 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त या फ्रीज की गई हैं, जबकि लगभग 3,500 करोड़ रुपए की संपत्तियां कुर्क की गई हैं। इनमें विदेशों में स्थित करीब 1,800 करोड़ रुपए की संपत्तियां और दुबई की 22 अचल संपत्तियां भी शामिल हैं। ED अब तक 116 आरोपियों के खिलाफ छह अभियोजन परिवाद दाखिल कर चुकी है। सौरभ चंद्राकर इस मामले में गिरफ्तार किया गया 15वां आरोपी बताया गया है।
संबंधित खबर: Mahadev Betting App Case: CBI की 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी, भोपाल-इंदौर समेत 13 शहरों में एक्शन
शादी में 200 करोड़ खर्च करने का आरोप, चार्टर्ड विमान से पहुंचे थे मेहमान
महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच में सौरभ चंद्राकर की फरवरी 2023 में रास अल खैमाह में हुई भव्य शादी भी चर्चा में आई थी। ED के अनुसार, शादी समारोह में करीब 200 करोड़ रुपए नकद खर्च किए गए थे। मेहमानों को नागपुर से तीन चार्टर्ड विमानों के जरिए आयोजन स्थल तक पहुंचाया गया था।जांच एजेंसी ने आयोजन कंपनी, होटलों और आंगड़िया फर्मों के माध्यम से हुए लेन-देन की पड़ताल की। बरामद अतिथि सूची के जरिए सिंडिकेट के प्रबंधन से जुड़े लोगों की पहचान करने की भी कोशिश की गई।
अमेरिकी कंपनी के अधिग्रहण में भी सट्टे की रकम
ED की जांच में महादेव सट्टा नेटवर्क से अर्जित रकम को विदेशी कंपनियों और निवेश के जरिए खपाने की कथित साजिश भी सामने आई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, सितंबर 2023 में दुबई की कंपनियों के पास मौजूद करीब 236 करोड़ रुपए की प्रतिभूतियां फ्रीज की गई थीं। वहीं जुलाई 2026 में विकास गर्ग को गिरफ्तार किया गया। उसकी कंपनियों को सट्टेबाजी से अर्जित करीब 940 करोड़ रुपए मिलने की बात सामने आई। इसमें से लगभग 766 करोड़ रुपए का इस्तेमाल अमेरिकी कंपनी एबिक्स इंक. के अधिग्रहण में किए जाने का आरोप है। ED ने इस कड़ी में करीब 941 करोड़ रुपए की संपत्तियां कुर्क की हैं।
अब इन सवालों के जवाब तलाशेगी ED
सौरभ चंद्राकर की सात दिन की रिमांड के दौरान ED कई अहम बिंदुओं पर पूछताछ करेगी।
महादेव सट्टा ऐप से अर्जित रकम किन-किन लोगों तक पहुंची?दुबई और भारत में नेटवर्क कौन-कौन संचालित कर रहा था?
हवाला के जरिए कितनी रकम विदेश भेजी गई?
विदेशी कंपनियों और निवेश में किन लोगों की भूमिका रही?
रवि उप्पल समेत अन्य सहयोगियों से सौरभ के वित्तीय संबंध क्या थे? सट्टेबाजी से अर्जित रकम को वैध दिखाने के लिए कौन-कौन से तरीके अपनाए गए?
फिलहाल महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ED की जांच जारी है। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और करोड़ों रुपए के कथित वित्तीय लेन-देन को लेकर नए खुलासे होने की संभावना है।




















