Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महादेव सट्टा के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर पर ED का शिकंजा,19 नवंबर तक बढ़ा रिमांड,अमेरिकी कंपनी खरीदने में लगाए 766 करोड़

सट्टे के पैनल से अमेरिकी कंपनी तक फैला करोड़ों का खेल, अब ED के सवालों के घेरे में सौरभ चंद्राकर,महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ED ने 13 नवंबर को गिरफ्तार कर 19 नवंबर तक रिमांड पर लिया है। जांच में अमेरिकी कंपनी Ebix Inc. की खरीद में सट्टे के 766 करोड़ रुपए लगाने और दुबई में शादी पर 200 करोड़ रुपए खर्च करने का खुलासा हुआ है।
 महादेव सट्टा के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर पर ED का शिकंजा,19 नवंबर तक बढ़ा रिमांड,अमेरिकी कंपनी खरीदने में लगाए 766 करोड़

रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है। इस पूरे सिंडिकेट के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर की विशेष अदालत ने उसे 19 नवंबर तक ED की रिमांड पर भेज दिया है। जांच एजेंसी का दावा है कि सट्टे से कमाए गए करोड़ों रुपए विदेशी कंपनियों और संपत्तियों में खपाए गए। इनमें अमेरिकी कंपनी Ebix Inc. को खरीदने में लगाए गए 766 करोड़ रुपए भी शामिल हैं।

/img/129/1794580448131

19 नवंबर तक ED की रिमांड, सात दिन होगी पूछताछ

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया। ED ने यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 19 के तहत की है।  गिरफ्तारी के बाद सौरभ को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने ED की मांग पर उसे सात दिन की रिमांड मंजूर की है। अब 19 नवंबर तक जांच एजेंसी उससे पूछताछ करेगी।।करीब तीन साल से फरार चल रहे सौरभ को भारत लाने के बाद यह कार्रवाई महादेव सट्टा सिंडिकेट की जांच में बड़ी कड़ी मानी जा रही है। वह इस मामले में भारत वापस लाकर गिरफ्तार किए गए प्रमुख प्रमोटरों में पहला बताया जा रहा है।

संबंधित खबर: महादेव सट्टा मामले में रायपुर कोर्ट ने सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड में भेजा जेल

दुबई से चल रहा था सट्टे का साम्राज्य, हर महीने 450 करोड़ की कमाई

ED की जांच के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर और उसका सहयोगी रवि उप्पल महादेव ऑनलाइन बुक के नाम से अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। इस नेटवर्क का मुख्यालय दुबई में बनाया गया था। भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में पैनल फ्रेंचाइजी के माध्यम से सट्टे का कारोबार फैलाया गया था। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लोग अलग-अलग खेलों और गतिविधियों पर दांव लगाते थे। जांच एजेंसी के अनुसार, सट्टे से प्राप्त रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए पैसा भारत से विदेश भेजा जाता था। ED ने 20 अक्टूबर 2023 को अदालत में दाखिल अपनी मुख्य शिकायत में इस सिंडिकेट की मासिक कमाई करीब 450 करोड़ रुपए आंकी थी।

समन को किया नजरअंदाज, कोर्ट ने जारी किया था गैर-जमानती वारंट

ED के अनुसार, सितंबर 2023 में सौरभ चंद्राकर को पूछताछ के लिए समन जारी किया गया था, लेकिन वह जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ। इसके बाद ED ने विशेष अदालत में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी करने की मांग की। अदालत ने 4 सितंबर 2023 को उसके खिलाफ वारंट जारी कर दिया था। बाद में ED के अनुरोध पर इंटरपोल ने भी सौरभ के खिलाफ रेड नोटिस जारी किया। सौरभ ने इस वारंट को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन 22 मार्च 2025 को उसकी याचिका खारिज हो गई। जांच एजेंसी के मुताबिक, भारतीय पासपोर्ट होने के बावजूद उसने वानुआतु का पासपोर्ट भी हासिल किया था। उसने अदालत में यह दावा किया था कि वह 28 जून 2022 को भारतीय नागरिकता छोड़ चुका है।

/img/129/1794580451041

ओमान की अदालत ने खारिज की नागरिकता की दलील, भारत प्रत्यर्पण का आदेश

सौरभ चंद्राकर को भारत वापस लाने के लिए ED ने विशेष अदालत के माध्यम से ओमान को प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा था। यह प्रक्रिया भारत और ओमान के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत राजनयिक माध्यमों से पूरी की गई। 8 अक्टूबर 2026 को मस्कट की कोर्ट ऑफ अपील ने सौरभ के भारत प्रत्यर्पण का आदेश दिया। अदालत ने उसकी नागरिकता से संबंधित दलीलों को स्वीकार नहीं किया। ED के मुताबिक, भारतीय दूतावास ने भी उसकी भारतीय नागरिकता की पुष्टि की थी। इसके बाद मस्कट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फर्जी यात्रा दस्तावेजों के जरिए बाहर जाने की कोशिश के दौरान उसे पकड़ा गया। 1 नवंबर 2026 को CBI और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की टीम उसे मस्कट से भारत लेकर पहुंची। इस कार्रवाई में ओमान के अधिकारियों के सहयोग के लिए ED ने आभार जताया था।

संबंधित खबर: महादेव सट्टा के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर पर CBI-ED आमने-सामने, कोर्ट में रिमांड पर घमासान

190 ठिकानों पर छापेमारी, हजारों करोड़ की संपत्तियों पर कार्रवाई

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ED ने अब तक बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। जांच एजेंसी के मुताबिक:

करीब 190 ठिकानों पर तलाशी ली जा चुकी है।

लगभग 2,000 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त या फ्रीज की गई है।

करीब 3,500 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच की गई हैं।

अटैच संपत्तियों में लगभग 1,800 करोड़ रुपए की विदेश स्थित संपत्तियां शामिल हैं। दुबई में मौजूद 22 अचल संपत्तियां भी कार्रवाई के दायरे में आई हैं। ED अब तक इस मामले में 116 आरोपियों के खिलाफ छह अभियोजन शिकायतें दाखिल कर चुकी है। सौरभ चंद्राकर इस मामले में एजेंसी द्वारा गिरफ्तार किया गया 15वां आरोपी बताया गया है।

/img/129/1794580623727

अमेरिकी कंपनी Ebix Inc. खरीदने में लगाए 766 करोड़ रुपए

महादेव सट्टा मामले की जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा सट्टे की कमाई के निवेश को लेकर हुआ है। ED के अनुसार, जांच में सामने आया कि सट्टे से जुटाई गई रकम को पैनल संचालकों से लेकर दुबई स्थित मुख्यालय, हवाला ऑपरेटरों और शेयर बाजार में निवेश करने वालों तक पहुंचाया गया। सितंबर 2023 में ED ने दुबई की कंपनियों के पास मौजूद करीब 236 करोड़ रुपए की सिक्योरिटीज फ्रीज की थीं। इसके बाद जुलाई 2026 में ED ने विकास गर्ग को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि उसकी कंपनियों में सट्टे से कमाए गए करीब 940 करोड़ रुपए पहुंचे थे। इनमें से लगभग 766 करोड़ रुपए अमेरिका की कंपनी Ebix Inc. को खरीदने में लगाए गए थे। इस मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच में ED ने करीब 941 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की है।

दुबई में शादी पर 200 करोड़ कैश खर्च, तीन चार्टर्ड विमान पहुंचे थे

सौरभ चंद्राकर की फरवरी 2023 में संयुक्त अरब अमीरात के रास अल खैमाह में हुई भव्य शादी भी ED की जांच के केंद्र में रही है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस शादी में करीब 200 करोड़ रुपए नकद खर्च किए गए थे। शादी समारोह में मेहमानों को लाने के लिए नागपुर से तीन चार्टर्ड विमान भेजे गए थे। ED ने इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों, होटल और अंगड़िया फर्मों के जरिए रकम के लेन-देन की पड़ताल की। शादी में शामिल मेहमानों की सूची से सिंडिकेट के प्रबंधन और संचालन से जुड़े कई लोगों की पहचान करने में भी मदद मिली।

संबंधित खबर: महादेव सट्टा ऐप पर CBI का डबल स्ट्राइक,सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की रिमांड, दुबई में रवि उप्पल गिरफ्तार, अब खुलेगा 6 हजार करोड़ के नेटवर्क का राज

डिजिटल सबूत और सहयोगियों के बयानों पर ED का फोकस

अब ED की पूछताछ में सौरभ चंद्राकर से उसके सहयोगियों के बयानों, डिजिटल डेटा, बैंकिंग लेन-देन और विदेशी कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर सवाल किए जाएंगे। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि सट्टे से अर्जित रकम किन-किन रास्तों से विदेश पहुंचाई गई, किन लोगों और कंपनियों के माध्यम से निवेश किया गया और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। सौरभ की सात दिन की रिमांड को महादेव सट्टा सिंडिकेट की आर्थिक परतें खोलने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। फिलहाल ED की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts