Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

47 दिन से धरने पर कोरोना योद्धा, PPE किट पहनकर किया रक्तदान; 3 दिवसीय महाआंदोलन शुरू

कोरोना महामारी के भयावह दौर में अपनी जान जोखिम में डालकर हजारों मरीजों की जिंदगी बचाने वाले स्वास्थ्यकर्मी आज खुद अपने रोजगार और भविष्य को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सेवा से बाहर किए गए कोरोना योद्धाओं का सब्र अब जवाब देने लगा है।
47 दिन से धरने पर कोरोना योद्धा, PPE किट पहनकर किया रक्तदान; 3 दिवसीय महाआंदोलन शुरू
47 दिन से धरने पर कोरोना योद्धा

सीहोर। 47 दिनों से लगातार धरना देने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं होने पर आंदोलनकारियों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। सोमवार से तीन दिवसीय महाआंदोलन शुरू करते हुए करीब 50 कोरोना योद्धाओं ने पीपीई किट पहनकर रक्तदान किया। आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से निर्णय नहीं होता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।

47 दिनों का धरना, अब महाआंदोलन से सरकार पर दबाव

मध्यप्रदेश कोविड-19 आयुष चिकित्सक संघ एवं पैरामेडिकल स्टाफ के बैनर तले प्रदेशभर के बेरोजगार कोरोना योद्धा अपनी सेवा बहाली की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 से भोपाल के नीलम पार्क में लगातार धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। इतने लंबे समय तक आंदोलन चलने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस लिखित आश्वासन नहीं मिलने से स्वास्थ्यकर्मियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी नाराजगी को आवाज देने के लिए तीन दिवसीय महाआंदोलन शुरू किया गया है। आंदोलनकारी अपने साथ राशन-पानी लेकर पहुंचे हैं और 18 नवंबर तक प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है।

ये भी पढ़ें: सीहोर की बेटी गुंजन ने कराटे में दिखाया दम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

महामारी में जान की बाजी लगाई

कोविड-19 आयुष चिकित्सक संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र सूर्यवंशी ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने संक्रमण के खतरे के बीच दिन-रात सेवाएं दीं। कोविड सेंटरों से लेकर आईसीयू, सैंपलिंग और वैक्सीनेशन तक हर मोर्चे पर अपनी जिम्मेदारी निभाई। उस कठिन समय में जब लोग घरों से निकलने में डर रहे थे, तब इन स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जान बचाने के लिए मोर्चा संभाला था। इसके बावजूद महामारी का संकट समाप्त होते ही हजारों अस्थायी कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। उन्होंने कहा कि आज वही कोरोना योद्धा अपने परिवारों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि सम्मान, अधिकार और भविष्य की लड़ाई है।

चार हजार कोरोना योद्धाओं के जुटने की संभावना

संघ के संयोजक डॉ. अंकित असाटी के मुताबिक, तीन दिवसीय महाआंदोलन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लगभग चार हजार कोरोना योद्धाओं के परिवार सहित शामिल होने की संभावना है। इनमें आयुष चिकित्सक, स्टाफ नर्स, एएनएम, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन और पैरामेडिकल व सपोर्ट स्टाफ के कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा सहित कुछ राज्यों में कोविडकालीन स्वास्थ्यकर्मियों के समायोजन अथवा पुनर्नियोजन की दिशा में कदम उठाए गए हैं। मध्यप्रदेश में भी इसी तरह सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।

Breaking News

पीपीई किट पहनकर रक्तदान

महाआंदोलन के दौरान कोरोना योद्धाओं ने पीपीई किट पहनकर रक्तदान किया। इस अनूठे प्रदर्शन के जरिए उन्होंने संदेश दिया कि महामारी के दौरान लोगों की जिंदगी बचाने वाले स्वास्थ्यकर्मी आज भी समाजसेवा के लिए समर्पित हैं। आंदोलन में जिला अध्यक्ष डॉ. इरफान, डॉ. इरफान शेख, डॉ. जय नारायण, स्टाफ नर्स अलका, राजकुमारी, अरुणा मालवीय, शहनाज कुरैशी, लक्ष्मी, आरती और सरीना सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। आंदोलनकारियों ने सरकार से मांग की है कि उनके वर्षों के योगदान को नजरअंदाज करने के बजाय सेवा बहाली पर तत्काल ठोस निर्णय लिया जाए। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts