गोपाष्टमी पर कुबेरेश्वरधाम में उमड़े श्रद्धालु, 56 भोग और 108 पकवानों से सजा अन्नकूट महोत्सव
सीहोर। गोमाता की सेवा, भगवान श्रीकृष्ण की आराधना और अन्नकूट महोत्सव की सनातन परंपरा का अद्भुत संगम मंगलवार को चितावलिया हेमा स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में देखने को मिला। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर पूरा धाम भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया।
कहीं भगवान का अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहा था तो कहीं गोमाता की पूजा कर भक्त गौसेवा का संकल्प दोहरा रहे थे। 56 भोग और 108 प्रकार के व्यंजनों से सजे अन्नकूट महोत्सव ने धार्मिक आयोजन को विशेष बना दिया। सुबह से देर तक हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
बाबा के अलौकिक श्रृंगार ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
गोपाष्टमी के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गई थीं। मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में भव्य आरती संपन्न हुई।
इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जयकारों और भजनों से गूंज उठा। भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया गया। श्रद्धालु हाथ जोड़कर भगवान के सामने नतमस्तक होते नजर आए। आरती के बाद भगवान को फल, मिष्ठान, ड्रायफ्रूट सहित 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया।
108 प्रकार के व्यंजनों से सजा अन्नकूट, गोवर्धन पूजा की झांकी बनी आकर्षण
अन्नकूट महोत्सव के अंतर्गत भगवान गिरिराज गोवर्धन को 108 प्रकार के व्यंजनों का भोग समर्पित किया गया। मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजन की आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मुरली मनोहर मंदिर परिसर में भगवान शिव-पार्वती, भगवान श्रीराम-सीता और भगवान श्रीकृष्ण-राधा का अलौकिक श्रृंगार किया गया।
रंग-बिरंगी सजावट और पारंपरिक धार्मिक व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं ने परिवार सहित दर्शन किए। इस बार अन्नकूट के पकवानों में स्वाद के साथ स्वास्थ्य और पोषण का भी विशेष ध्यान रखा गया। औषधीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री से तैयार व्यंजनों को भी भोग में शामिल किया गया।
गोमाता के चरणों में झुके श्रद्धालु, हरा चारा खिलाकर की पूजा
गोपाष्टमी का सबसे भावपूर्ण दृश्य उस समय देखने को मिला, जब श्रद्धालुओं ने गोमाता की पूजा-अर्चना कर उन्हें हरा चारा खिलाया। विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि गोपाष्टमी के पावन अवसर पर दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गोमाता का पूजन किया और गौसेवा के माध्यम से अपनी आस्था प्रकट की।
धाम की गोशालाओं में भी विशेष गोपूजन के आयोजन किए गए। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर गौमाता को हरे चारे का भोग लगाया। धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप गोपाष्टमी पर गौपूजन को विशेष महत्व दिया जाता है। आयोजन के माध्यम से गौसेवा और जीवों के प्रति करुणा का संदेश भी दिया गया।
सेवा समिति ने की भोजन प्रसादी की व्यवस्था
गोपाष्टमी और अन्नकूट महोत्सव में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए विठलेश सेवा समिति की ओर से भोजन प्रसादी की विशेष व्यवस्था की गई थी। समिति के पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सदस्यों ने श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की। सुबह से लेकर दिनभर चले आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। आरती और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ पूरा धाम
आयोजन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के भजन, प्रवचन और कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर भगवान का स्मरण करते नजर आए। गोपाष्टमी और अन्नकूट महोत्सव ने एक बार फिर गौसेवा, भक्ति, अन्नदान और परोपकार की भारतीय संस्कृति से जुड़े मूल्यों को जीवंत किया। कुबेरेश्वरधाम में आयोजित यह धार्मिक उत्सव श्रद्धालुओं के लिए दर्शन और पूजा के साथ सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक आनंद का यादगार अवसर बना।























