Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में ली शपथ, पीएम मोदी और भाजपा नेतृत्व का जताया आभार

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश से दोबारा राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद संसद भवन में सदस्यता की शपथ ली। उपराष्ट्रपति और राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई। पुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश से चुनाव लड़ने का अवसर मिलना उनके लिए भावनात्मक और महत्वपूर्ण अनुभव है।
हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में ली शपथ, पीएम मोदी और भाजपा नेतृत्व का जताया आभार
नई दिल्ली। हरदीप सिंह पुरी ने मप्र से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।

नई दिल्ली। मध्यप्रदेश से राज्यसभा में नई पारी की शुरुआत करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को संसद भवन में सदस्यता की शपथ ली। उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पुरी ने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए इसे भावनाओं से भरा लंबा अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए चुना जाना उनके लिए एक बड़ा अवसर है। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, राजीव रंजन सिंह और अर्जुन राम मेघवाल सहित राज्यसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

तीन सितंबर 2017 को शुरू हुआ था संसदीय सफर 

शपथ लेने के बाद पुरी ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल होने से लेकर राज्यसभा तक के अपने सफर का जिक्र किया।उन्होंने बताया कि तीन सितंबर 2017 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल किया था। इसके बाद से वह लगातार राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। पुरी ने बताया कि इससे पहले वह उत्तर प्रदेश से दो बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। उन्होंने कहा कि यह लंबा सफर उनके लिए भावनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण रहा है और इस दौरान उन्हें कई अहम जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला।

मध्यप्रदेश से चुनाव का मौका देने पर जताया आभार 

पुरी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव लड़ने का अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताया, इसके लिए वह हृदय से आभारी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ पार्टी अध्यक्ष और इस निर्णय में भूमिका निभाने वाले सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। पुरी के मुताबिक, मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेना उनके लिए केवल एक नई जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक बड़ा सम्मान भी है।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश राज्यसभा उपचुनाव में हरदीप पुरी निर्विरोध निर्वाचित, दो नामांकन खारिज

कार्यकाल पूरा होने से पहले दिया था इस्तीफा 

पुरी  ने बताया कि उनका पिछला कार्यकाल अभी पूरा नहीं हुआ था, लेकिन नए निर्वाचन के बाद इस्तीफा देना आवश्यक था। पुरी के अनुसार, उन्होंने 14 तारीख को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद उन्होंने मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को अपने संसदीय जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

शपथ समारोह में केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद 

संसद भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री शामिल हुए। इनमें मनसुख मांडविया, राजीव रंजन सिंह और अर्जुन राम मेघवाल प्रमुख रूप से मौजूद थे। राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी तथा सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी समारोह में उपस्थिति दर्ज कराई।

ये भी पढ़ें: क्या भारत में फिर लगेगा लॉकडाउन? पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने बताया कितना है पेट्रोल-डीजल और LPG स्टॉक

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts