रायसेन: 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की सजा, 2 हजार का जुर्माना

रायसेन जिले के बेगमगंज में 14 वर्षीय किशोरी से कई बार दुष्कर्म के मामले में न्यायालय ने आरोपी को 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश सचिन द्विवेदी की अदालत ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराते हुए 2 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है।
नवरात्रि के दौरान की थी वारदात
लोक अभियोजक धीरेंद्र सिंह गौर के मुताबिक, मामला वर्ष 2024 की नवरात्रि के दौरान का है। गैरतगंज थाना क्षेत्र में आरोपी हेमंत पिता सुरेश गौर, निवासी जौहरायन, थाना राहतगढ़ ने अपनी 14 वर्षीय रिश्तेदार किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म किया था। मामला सामने आने के बाद गैरतगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद न्यायालय में चालान पेश किया।
साक्ष्यों के आधार पर सुनाई सजा
मामले की सुनवाई के दौरान पेश किए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी पाया। द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश सचिन द्विवेदी ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में आरोपी को 20 वर्ष के सश्रम कारावास और 2 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।




















