सोनीपत में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, ऑफिस के बाहर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में शुक्रवार शाम बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बिजेंद्र पहल के रूप में हुई है। हमलावरों ने रोहतक रोड स्थित उनके ऑफिस के बाहर ही वारदात को अंजाम दिया। ताबड़तोड़ फायरिंग में बिजेंद्र पहल की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
ऑफिस के बाहर की अंधाधुंध फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम बिजेंद्र पहल अपने ऑफिस के पास थे। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और उन पर गोलियां बरसा दीं। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से बिजेंद्र पहल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही गोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सोनीपत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और क्राइम ब्रांच की टीमों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।




















