रायसेन जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत पर युवाओं ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

रायसेन। जिला अस्पताल में प्रसूता महिला की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। महिला की मौत को लेकर रायसेन नगर के युवाओं में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी मामले में शुक्रवार को नगर के दर्जनों युवा रायसेन कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय को सौंपा।
लापरवाही के चलते गई थी प्रसूता की जान
ज्ञापन के माध्यम से युवाओं ने जिला अस्पताल में प्रसूता महिला की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। युवाओं का आरोप है कि जिला अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के चलते प्रसूता महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस घटना ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
रायसेन में जनविश्वास अभियान का शिविर, विधायक-कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं
युवाओं ने ज्ञापन देकर की जांच की मांग
युवाओं ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि जांच में किसी अधिकारी, चिकित्सक या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे युवाओं ने कहा कि अस्पताल आम नागरिकों के लिए जीवन बचाने का सबसे महत्वपूर्ण सहारा है। ऐसे में यदि उपचार और प्रबंधन में लापरवाही के कारण किसी परिवार को अपना सदस्य खोना पड़ता है तो यह गंभीर चिंता का विषय है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जांच में क्या कार्रवाई होती है।
रायसेन जिला अस्पताल में आठ माह की गर्भवती की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाए लापरवाही के आरोप
जिम्मेदारों से पांच सवाल...
- प्रसूता महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई?
- क्या मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी?
- अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की जांच कौन करेगा?
- दोषी पाए जाने वाले जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी?
- भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए क्या व्यवस्था की जाएगी?




















