Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सतना में हत्या के आरोपी की दबंगई पर पुलिस का एक्शन, 24 घंटे में पकड़ा; कान पकड़कर निकाला जुलूस

सतना में सत्यम शुक्ला हत्याकांड के आरोपी बेटू सिंगरौल ने जमानत पर जेल से बाहर आते ही समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। चलती बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीने का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर कान पकड़कर पैदल जुलूस निकाला।
सतना में हत्या के आरोपी की दबंगई पर पुलिस का एक्शन, 24 घंटे में पकड़ा; कान पकड़कर निकाला जुलूस

सतना में 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला हत्याकांड के मुख्य आरोपी को जमानत पर रिहा होते ही शक्ति प्रदर्शन करना भारी पड़ गया। जेल से बाहर आने के बाद मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल ने समर्थकों के साथ शहर में काफिला निकाला। इस दौरान वह चलती बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीता नजर आया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों को कान पकड़वाकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चलाया।

जमानत मिलते ही निकाला शक्ति प्रदर्शन का जुलूस

जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय बेटू सिंगरौल सत्यम शुक्ला हत्याकांड में करीब 14 महीने से जेल में बंद था। मंगलवार को अदालत से जमानत मिलने के बाद जेल के बाहर समर्थकों ने उसका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद आरोपी बोलेरो के बोनट पर बैठ गया। हाथ में जलती सिगरेट लिए वह शहर की सड़कों पर काफिले के साथ निकला। पीछे दर्जनों बाइक सवार समर्थक भी यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए रैली में शामिल हुए। यह काफिला बिरला रोड से होते हुए सिद्धार्थ नगर कॉलोनी तक पहुंचा। बुधवार को शक्ति प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद आम लोगों में नाराजगी देखने को मिली और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे।

पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी समेत 4 को पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में कोलगवां थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी बेटू सिंगरौल के साथ उसके तीन साथियों अंकित रजक, श्रीकांत शुक्ला और शिवम यादव उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया।

सतना में हत्याकांड के आरोपी का शक्ति प्रदर्शन, कार के बोनट पर बैठकर निकाला जुलूस; VIDEO VIRAL

कान पकड़कर डेढ़ किलोमीटर पैदल चलाया

गिरफ्तारी के बाद पुलिस चारों आरोपियों को सिद्धार्थ नगर कॉलोनी से थाने तक करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल लेकर पहुंची। इस दौरान चारों आरोपी कान पकड़कर चलते नजर आए। उन्होंने आगे ऐसी हरकत नहीं करने और लोगों को डराने-धमकाने के लिए जुलूस नहीं निकालने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ शांति भंग और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही काफिले में शामिल दूसरे वाहनों और युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस आरोपी की जमानत निरस्त कराने के लिए भी कानूनी प्रक्रिया पर काम कर रही है।

जमानत के बाद कानून हाथ में लेने की कोशिश बर्दाश्त नहीं: CSP

सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने कहा कि जमानत पर रिहा होने के बाद नियमों का उल्लंघन कर शक्ति प्रदर्शन करने और आम लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वायरल वीडियो के आधार पर मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। काफिले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि सूचना और साक्ष्यों के आधार पर बेटू सिंगरौल और उसके तीन साथियों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ शांति भंग और संबंधित धाराओं में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts