Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड की CBI जांच की मांग: गोस्वामी समाज ने संभागायुक्त को सौंपा ज्ञापन

खातेगांव में शराब तस्करों को पकड़ने पहुंचे टीआई दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या के मामले में गोस्वामी समाज ने CBI जांच की मांग की है। समाजजनों ने संभागायुक्त भास्कर लक्षकार को ज्ञापन सौंपकर कथित साजिश में शामिल शराब माफिया और सफेदपोशों पर कार्रवाई, परिवार को 5 करोड़ की सहायता और पुरी को शहीद का दर्जा देने की मांग की।
टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड की CBI जांच की मांग: गोस्वामी समाज ने संभागायुक्त को सौंपा ज्ञापन

इंदौर। खातेगांव में शराब तस्करों को पकड़ने पहुंचे टीआई दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में अब गोस्वामी समाज ने भी मोर्चा खोल दिया है। अखिल भारतीय दशनाम गोस्वामी समाज के पदाधिकारियों और समाजजनों ने संभागायुक्त भास्कर लक्षकार से मुलाकात कर पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की है। समाजजनों का आरोप है कि टीआई पुरी की हत्या एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत की गई। उन्होंने मामले में कथित रूप से शामिल शराब माफिया और सफेदपोश लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उन्हें सख्त सजा दिलाने की मांग उठाई।

ये भी पढ़ें: अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से राहत, बेटी की शादी में शामिल होने के लिए 4 दिसंबर तक बढ़ी सरेंडर की समय सीमा

समाज के प्रतिनिधि साधु-संतों के साथ संभागायुक्त कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पंचदशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर धर्मेंद्र पुरी, गोस्वामी समाज युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष कमलपुरी गोस्वामी, मंदसौर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंका गोस्वामी, महेश गिरि, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश गोस्वामी और भारती कथाकार कमल गिरि गोस्वामी सहित अन्य समाजजन मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश राज्यसभा उपचुनाव में हरदीप पुरी निर्विरोध निर्वाचित, दो नामांकन खारिज

पहले मिली थी धमकी, फिर भी शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी

समाजजनों ने संभागायुक्त को बताया कि टीआई दिलीप पुरी को पहले भी धमकी मिलने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद वे शराब तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे थे। समाज के प्रतिनिधियों ने आशंका जताई कि शराब माफिया और प्रभावशाली लोगों ने मिलकर उनकी हत्या की साजिश रची होगी। उनका कहना है कि मामले की जांच केवल दुर्घटना या ट्रक से कुचलने की घटना तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसके पीछे की कथित साजिश और पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल होनी चाहिए।समाजजनों ने मांग की कि जांच सीबीआई को सौंपी जाए, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो सके और यदि किसी शराब माफिया या सफेदपोश व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

ये भी पढ़ें: इंदौर के यात्री मक्का में फंसे:मुख्यमंत्री की मदद से हुई सुरक्षित वापसी,दुबई-बहरीन होकर लौटे 350 लोग

परिवार को 5 करोड़ की आर्थिक सहायता देने की मांग

समाज के पदाधिकारियों ने टीआई पुरी के परिवार को दी गई सरकारी आर्थिक सहायता को अपर्याप्त बताते हुए 5 करोड़ रुपये की सहायता देने की मांग की। उनका कहना है कि परिवार ने एक सदस्य खोया है और भविष्य की सुरक्षा के लिहाज से सरकार को उन्हें पर्याप्त आर्थिक मदद देनी चाहिए।

ये भी पढ़ें: नवंबर की शुरुआत में इंदौर का रात का पारा 3.7 डिग्री लुढ़का, ठंड ने पकड़ी रफ्तार

शहीद का दर्जा और स्मारक बनाने की मांग

ज्ञापन में टीआई दिलीप पुरी को शहीद का दर्जा देने की मांग भी शामिल है। समाजजनों ने उनके नाम पर एक गांव का नामकरण करने और देवास पुलिस लाइन में स्मारक बनाने की मांग रखी। उनका कहना है कि कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले पुलिस अधिकारी के योगदान को सम्मान मिलना चाहिए।समाज की ओर से संभागायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम भी ज्ञापन सौंपा गया। इसमें पूरे मामले की सीबीआई जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई, परिवार को 5 करोड़ रुपये की सहायता और दिलीप पुरी को सम्मान दिए जाने की मांग दोहराई गई।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts