बाल गृह के बच्चों के हुनर को मिला सम्मान, कटनी कलेक्टर ने खरीदे दीपावली के सजावटी उत्पाद

कटनी। दीपावली के अवसर पर बाल गृह संस्थाओं के बच्चों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित सजावटी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष स्टॉल लगाया गया। गुरुवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने इस स्टॉल से रंग-बिरंगे तोरण, कैंडल्स सहित अन्य सजावटी सामग्री खरीदी और बच्चों को उनके हुनर के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने उत्पादों का नगद भुगतान भी किया।
बच्चों के बनाए उत्पादों की लगाई गई प्रदर्शनी
मिशन वात्सल्य के तहत संचालित बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें आर्थिक संबल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट के प्रवेश हॉल में यह स्टॉल लगाया गया। यहां बच्चों द्वारा तैयार किए गए ग्लास कैंडल, वॉल हैंगिंग, झालर, सजावटी दीये और अन्य आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित किए गए। कलेक्टर आशीष तिवारी ने बच्चों की बनाई सामग्री की खरीदारी कर उनके प्रयासों की सराहना की। इस दौरान विभिन्न बाल गृह संस्थाओं के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने भी की खरीदारी
डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी और महिला सशक्तिकरण अधिकारी वनश्री कुर्वेती ने भी स्टॉल से उत्पाद खरीदकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों की इस पहल से बच्चों को अपने हुनर को पहचान दिलाने और अपनी बनाई सामग्री के जरिए आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिला।
1 करोड़ से ज्यादा खर्च, फिर भी सूखे नल! कटनी के बैगा बहुल गांव में जल संकट
आत्मनिर्भरता और वोकल फॉर लोकल का संदेश
यह स्टॉल केवल दीपावली के सजावटी उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहा बल्कि बच्चों की रचनात्मकता को पहचान देने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम भी बना। बच्चों के हाथों से तैयार इन उत्पादों ने स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ वोकल फॉर लोकल का संदेश भी दिया। इस पहल ने दीपावली की खुशियों के साथ बच्चों के सम्मान, स्वाभिमान और आत्मविश्वास को भी नई रोशनी दी।




















