Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Tata कार मालिक सावधान! पुरानी ऐप से लीक हो सकता है निजी डेटा, हैकर्स से बचने के लिए करें ये काम

Tata कार मालिकों के लिए CERT-In ने साइबर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। Tata Motors iRA 2.0 और iRA.ev ऐप के पुराने वर्जन में गंभीर खामियां मिली हैं। इनसे निजी डेटा, कार के लाइव स्टेटस और रिमोट कमांड फीचर्स पर खतरा हो सकता है। जानिए कौन सी ऐप प्रभावित हैं और सुरक्षित रहने के लिए क्या करना जरूरी है।
Tata कार मालिक सावधान! पुरानी ऐप से लीक हो सकता है निजी डेटा, हैकर्स से बचने के लिए करें ये काम
कहीं आप भी तो नहीं कर रहे पुरानी iRA ऐप का इस्तेमाल? तुरंत करें अपडेट

भारत में कारों की बात हो और Maruti Suzuki, Mahindra और Tata Motors का नाम न आए, ऐसा कम ही होता है। पहले बाजार में कुछ चुनिंदा कंपनियों की गाड़ियों का दबदबा दिखाई देता था, लेकिन अब Tata Motors की कारें भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। कंपनी की पेट्रोल-डीजल कारों के साथ इलेक्ट्रिक गाड़ियों की भी अच्छी रेंज मौजूद है। अगर आप भी Tata की कार चलाते हैं और उसे मोबाइल ऐप से कनेक्ट रखते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है।

दरअसल, देश की प्रमुख साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने Tata Motors की कुछ कनेक्टेड कार मोबाइल ऐप्स को लेकर हाई-सीवेरिटी अलर्ट जारी किया है। एजेंसी के मुताबिक, इन ऐप्स के पुराने वर्जन में कई गंभीर सुरक्षा खामियां मिली हैं। इन कमियों का गलत फायदा उठाकर साइबर अटैकर यूजर्स की निजी जानकारी और ऐप से जुड़ी कुछ संवेदनशील सुविधाओं को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में अगर आपके फोन में भी ये ऐप्स मौजूद हैं, तो उन्हें अपडेट करना जरूरी है।

Tata की किन ऐप्स में मिली सुरक्षा खामियां?

CERT-In की चेतावनी के मुताबिक, Tata Motors की दो मोबाइल ऐप्स के पुराने वर्जन में सुरक्षा से जुड़ी कमियां पाई गई हैं। इनमें पहली ऐप Tata Motors iRA 2.0 है, जिसका इस्तेमाल कंपनी की पेट्रोल और डीजल कारों के मालिक करते हैं। दूसरी ऐप Tata Motors iRA.ev है, जिसे इलेक्ट्रिक कारों के लिए तैयार किया गया है। इन ऐप्स की मदद से कार मालिक अपने वाहन से जुड़ी कई जानकारियां मोबाइल पर देख सकते हैं। ऐसे में ऐप की सुरक्षा में कमी होना यूजर्स की डिजिटल प्राइवेसी के लिए चिंता की बात है। अगर आपने लंबे समय से अपने फोन में इन ऐप्स को अपडेट नहीं किया है, तो पुराने वर्जन का इस्तेमाल करने से बचें। हालांकि, अलर्ट का मतलब यह नहीं है कि हर Tata कार या हर ऐप यूजर प्रभावित हो चुका है। खतरा उन पुराने ऐप वर्जन से जुड़ी सुरक्षा कमियों को लेकर है।

आखिर ऐप में क्या गड़बड़ी मिली?

साइबर सुरक्षा एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इन ऐप्स की कोडिंग और डिजाइन में कुछ कमजोरियां थीं। रिपोर्ट में संवेदनशील API की और ऑथराइजेशन टोकन को सुरक्षित रखने से जुड़ी कमियों का भी जिक्र किया गया है। आसान भाषा में समझें तो ऐप और उसके सर्वर के बीच होने वाले डिजिटल लेन-देन को सुरक्षित रखने के तरीके में कुछ खामियां थीं। इसके अलावा ऐप के WebView कंपोनेंट और Debugging Logs में भी सुरक्षा से जुड़ी कमियां सामने आईं। डेटा ट्रांसफर के दौरान सुरक्षा नियमों को सही तरीके से लागू नहीं किए जाने से भी जोखिम बढ़ सकता है। इन कमजोरियों का गलत फायदा उठाकर अटैकर ऐप के बैकएंड सर्वर तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं। इससे यूजर की निजी जानकारी और कार से जुड़ा कुछ डेटा जोखिम में पड़ सकता है।

क्या हैक हो सकती है आपकी कार?

इस अलर्ट के सामने आने के बाद कार मालिकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कोई हैकर उनकी कार को अपने कंट्रोल में ले सकता है? यहां यह समझना जरूरी है कि रिपोर्ट में बताई गई खामियां मुख्य रूप से मोबाइल ऐप और उससे जुड़े डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा से संबंधित हैं। संभावित खतरे में यूजर का निजी डेटा, गाड़ी का लाइव स्टेटस और ऐप से जुड़ी रिमोट कमांड सुविधाएं शामिल हो सकती हैं। हालांकि, इसका सीधा मतलब यह नहीं है कि कोई व्यक्ति सड़क पर चलती हुई कार को अचानक हैक कर लेगा। अलर्ट का मुख्य संबंध ऐप की सुरक्षा और डिजिटल प्राइवेसी से है। फिर भी इसे छोटी-मोटी तकनीकी गड़बड़ी समझकर नजरअंदाज करना सही नहीं होगा। आजकल कनेक्टेड कारों में मोबाइल ऐप के जरिए कई सुविधाएं इस्तेमाल की जाती हैं। ऐसे में ऐप की सुरक्षा मजबूत होना भी उतना ही जरूरी है जितना गाड़ी की दूसरी सुरक्षा सुविधाओं का ध्यान रखना।

Tata कार मालिक तुरंत करें ये काम

अगर आपके पास Tata की कनेक्टेड कार है और फोन में iRA 2.0 या iRA.ev ऐप मौजूद है, तो कुछ जरूरी सावधानियां बरतें।

  • ऐप अपडेट करें: अपने फोन के आधिकारिक ऐप स्टोर पर जाकर iRA 2.0 या iRA.ev का उपलब्ध अपडेट इंस्टॉल करें।
  • पुराने वर्जन से बचें: ऐप का पुराना वर्जन इस्तेमाल करने से बचें और अपडेट की जानकारी समय-समय पर चेक करते रहें।
  • अनजान लिंक से बचें: ऐप अपडेट करने के लिए किसी अनजान मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें।
  • सुरक्षित पासवर्ड रखें: अपने अकाउंट के लिए मजबूत और अलग पासवर्ड का इस्तेमाल करें।
  • संदिग्ध गतिविधि पर ध्यान दें: ऐप या अकाउंट में कोई अनजान गतिविधि दिखाई दे, तो Tata Motors के आधिकारिक सपोर्ट से संपर्क करें।

Tata Motors ने इन सुरक्षा कमियों को दूर करने के लिए अपडेट जारी किए हैं। इसलिए यूजर्स को ऐप का नया उपलब्ध वर्जन इंस्टॉल करना चाहिए। ध्यान रखें कि अपडेट करने से बताई गई खामियों से बचाव में मदद मिलती है, लेकिन किसी भी ऐप को पूरी तरह जोखिम-मुक्त मानना सही नहीं है। अगर आप Tata की कनेक्टेड कार इस्तेमाल करते हैं, तो सिर्फ गाड़ी की सर्विस और मेंटेनेंस ही नहीं, मोबाइल ऐप की सुरक्षा पर भी ध्यान दें। समय पर ऐप अपडेट करना आपकी निजी जानकारी को सुरक्षित रखने की दिशा में एक जरूरी कदम है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts