Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मंडला में कबड्डी के मैदान में उतरीं मंत्री संपतिया उइके, ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के लिए प्रोजेक्ट संधान की शुरुआत

मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर मंडला में खेल और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने ग्रामीण महिलाओं के साथ कबड्डी खेली और छात्रावास की बच्चियों के साथ डांस कर उनका उत्साह बढ़ाया।
मंडला में कबड्डी के मैदान में उतरीं मंत्री संपतिया उइके, ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के लिए प्रोजेक्ट संधान की शुरुआत
मंडला में कबड्डी के मैदान में उतरीं मंत्री संपतिया उइके

मंडला। जिला स्तरीय समारोह में मंत्री ने ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट संधान की शुरुआत की। इसके तहत 1 नवंबर से 12 जनवरी तक गांव से जिला स्तर तक कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं होंगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले पांच खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। वहीं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली छात्राओं को 5-5 हजार रुपए देने की घोषणा की गई।

कबड्डी खेलने उतरीं मंत्री उइके 

मंडला के पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके कबड्डी के मैदान में उतर गईं। उन्होंने साड़ी का पल्लू बांधकर ग्रामीण महिलाओं के साथ कबड्डी खेली। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान छात्रावास की बच्चियों के साथ डांस कर उनका उत्साह भी बढ़ाया।

ये भी पढ़ें: मंडला-जबलपुर हाईवे पर कार-पिकअप की टक्कर, हादसे में 13 घायल; इलाज के दौरान महिला की मौत

ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के लिए प्रोजेक्ट संधान की शुरुआत

मंत्री संपतिया उइके ने ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट संधान की शुरुआत की। इसके तहत गांवों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे आने का अवसर दिया जाएगा। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने बताया कि यह प्रोजेक्ट 1 नवंबर से 12 जनवरी तक चलेगा।

गांव से जिला स्तर तक होंगी कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं

प्रोजेक्ट संधान के तहत गांव, संकुल, विकासखंड और जिला स्तर पर महिला और पुरुष वर्ग में कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ग्रामीण खेल मैदानों को दुरुस्त करने और खिलाड़ियों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर रहेगा। इस दौरान कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने भी खिलाड़ियों के साथ वॉलीबॉल खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया।

Breaking News

पांच राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान

समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले पांच खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। गढ़ मंडला और एसटी कन्या छात्रावास की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मंत्री संपतिया उइके ने दोनों दलों को पांच-पांच हजार रुपए देने की घोषणा की।

क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले ट्रैक्टर और बाइक

मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि मध्यप्रदेश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत प्रदेश की पहचान है। युवा शक्ति प्रदेश का भविष्य है और युवाओं को प्रतिभा दिखाने के लिए सही अवसर और मार्गदर्शन देना जरूरी है। समारोह में स्वाभिमान पर्व की क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार में ट्रैक्टर, दूसरे पुरस्कार में बुलेट बाइक और तीसरे पुरस्कार में ई-स्कूटर दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts