सीहोर नगर गौरव दिवस 29 नवंबर को, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं का होगा सम्मान

सीहोर। शहर की पहचान, ऐतिहासिक विरासत और उपलब्धियों को सम्मान देने के लिए एक बार फिर नगर गौरव दिवस का मंच सजने जा रहा है। आगामी 29 नवंबर को सीहोर में नगर गौरव दिवस भव्य स्तर पर मनाया जाएगा।
बाल विहार मैदान में होने वाले मुख्य समारोह में अपनी मेहनत, संघर्ष और उपलब्धियों के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीहोर का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। नगर पालिका ने आयोजन को यादगार बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को इसी सिलसिले में बस स्टैंड स्थित आदि श्री होटल में पत्रकारवार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की गई।
केवल आयोजन नहीं, सीहोर की पहचान का उत्सव
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने मीडिया को बताया कि नगर गौरव दिवस महज औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहर की ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक उपलब्धियों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है।
पिछले कई वर्षों से मीडिया और पत्रकारों के सहयोग से इस आयोजन को भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर की सकारात्मक पहचान और विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
सीहोर में ‘संडे का सुकून’ ने 450 बच्चों के साथ मनाई दीपावली, लगातार नौवें साल बांटी खुशियां और उपहार
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान
नगर गौरव दिवस के मुख्य समारोह का सबसे प्रमुख आकर्षण प्रतिभाओं का सम्मान होगा। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सीहोर और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले नागरिकों को नगर गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा।
ऐसे लोगों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से शहर को विशिष्ट पहचान दिलाई है। आयोजन में जनप्रतिनिधियों और सेलिब्रिटी को भी आमंत्रित करने की तैयारी है। इसका उद्देश्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ नई पीढ़ी को भी अपने लक्ष्य हासिल करने और शहर का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करना है।
पत्रकारों और शहरवासियों से सहभागिता की अपील
पत्रकारवार्ता में आयोजन की रूपरेखा और प्रस्तावित कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर पालिका अध्यक्ष ने पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों से नगर गौरव दिवस को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर की विरासत और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। नगर गौरव दिवस तभी सार्थक होगा, जब इसमें शहर के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित होगी।
शिवराज सिंह चौहान की पहल से शुरू हुई गौरव दिवस की परंपरा
नगर गौरव दिवस की परंपरा को लेकर बताया गया कि प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पहल की शुरुआत की थी। इसके बाद प्रदेश के गांवों और शहरों में स्थानीय गौरव दिवस मनाने की परंपरा विकसित हुई। इसका मूल उद्देश्य नागरिकों में अपनी जन्मभूमि और शहर के प्रति गर्व की भावना जगाना तथा विकास कार्यों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
बाल विहार मैदान में जुटेगा शहर, तैयारियां तेज
पत्रकारवार्ता में नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, सभी पार्षदों के साथ समाजसेवी बृजमोहन सोनी, कीर्ति श्रीवास्तव, शेर सिंह राजपूत, अशोक सिसोदिया, आशीष पचौरी, राजेश परिहार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। नगर पालिका की ओर से 29 नवंबर को बाल विहार मैदान में भव्य समारोह आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। अब शहरवासियों की निगाहें इस आयोजन पर टिकी हैं, जहां सीहोर की प्रतिभाओं, परंपराओं और उपलब्धियों को एक मंच पर सम्मान मिलेगा।




















