सिंगल लोगों को फिनलैंड में फ्री ब्लाइंड डेट का मौका, फ्लाइट से होटल तक का खर्च उठाएगा पर्यटन बोर्ड

अगर आप सिंगल हैं और प्यार की तलाश में हैं, तो दुनिया के सबसे खुशहाल देश फिनलैंड की यह पहल आपके लिए खास हो सकती है। फिनलैंड ने दुनियाभर के सिंगल लोगों को यादगार ब्लाइंड डेट के लिए आमंत्रित किया है। इस खास ट्रिप के लिए चुने गए 16 लोगों की फ्लाइट, होटल, खान-पान और घूमने-फिरने का खर्च उठाया जाएगा। इस दौरान उन्हें फिनलैंड की स्थानीय संस्कृति जानने के साथ वहां के सिंगल लोगों के साथ खास डिनर डेट का मौका भी मिलेगा। ‘फिनिश डिनर डेट’ नाम का यह अभियान 9 से 19 फरवरी 2027 तक आयोजित होगा।
विजिट फिनलैंड ने शुरू किया खास अभियान
फिनलैंड के पर्यटन बोर्ड ‘विजिट फिनलैंड’ ने इस अभियान की शुरुआत की है। इसका मकसद दुनियाभर के सिंगल लोगों को फिनलैंड की खान-पान संस्कृति और जीवनशैली से परिचित कराना है। साथ ही, उन्हें नए लोगों से मिलने और संभव हो तो प्यार की नई शुरुआत करने का अवसर देना भी इस पहल का हिस्सा है। फोर्ब्स की 29 अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक इस अभियान के लिए दुनिया के अलग-अलग देशों से कुल 16 सिंगल लोगों को चुना जाएगा। चयनित प्रतिभागियों के लिए फ्लाइट टिकट, होटल में ठहरने, खाने और स्थानीय स्तर पर घूमने-फिरने की व्यवस्था मुफ्त होगी।
स्थानीय सिंगल लोगों के साथ होगी खास डिनर डे
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण एक ग्रुप डिनर होगा। इसमें दुनियाभर से पहुंचे 8 सिंगल प्रतिभागियों के साथ फिनलैंड के 2 स्थानीय सिंगल लोग भी शामिल होंगे। सभी मिलकर देश के एक प्रमुख शेफ द्वारा तैयार किया गया खास टेस्टिंग मेन्यू चखेंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को फिनलैंड के क्षेत्रीय व्यंजनों और स्थानीय स्वादों का अनुभव मिलेगा।
पहले 'साइलेंट टेस्ट'! प्यार में पड़ने से पहले Gen Z रखती है इन बातों पर नजर
सॉना से लेकर आउटडोर गतिविधियों तक का अनुभव
इस ट्रिप में सिर्फ डिनर ही नहीं बल्कि फिनलैंड की जीवनशैली और संस्कृति से जुड़े कई अनुभव भी शामिल होंगे। प्रतिभागियों के लिए आउटडोर गतिविधियां, सॉना का अनुभव और दर्शनीय स्थलों की सैर जैसी गतिविधियां पहले से तय की गई हैं। इसके जरिए मेहमानों को देश की प्राकृतिक खूबसूरती, खान-पान और स्थानीय रहन-सहन को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
खाने को लोगों को जोड़ने का जरिया मानता है फिनलैंड
‘बिजनेस फिनलैंड’ में इंटरनेशनल मार्केटिंग की सीनियर डायरेक्टर हेली जिमेनेज के मुताबिक फिनिश खाना वहां की खुशहाल जीवनशैली को दर्शाता है। उनके अनुसार, भोजन किसी जगह, मौसम और आसपास के लोगों से जुड़ने का एक माध्यम है। खाना फिनलैंड के लोगों को एक साथ लाता है और इस अभियान के जरिए दूसरे देशों से आने वाले यात्रियों को भी इसी अनुभव का हिस्सा बनाया जा रहा है।
Gen Z Beige Flag: रिश्तों में क्या होता है 'बेज फ्लैग'? Red Flag से कितना अलग है ये ट्रेंड
‘सिंगल बास्केट’ डेटिंग ट्रेंड से मिला विचार
‘फिनिश डिनर डेट’ अभियान का विचार फिनलैंड में लोकप्रिय हो रहे एक डेटिंग ट्रेंड ‘सिंकुकोरी’ (Sinkkukori) यानी ‘सिंगल बास्केट’ से प्रेरित है। फिनलैंड के कई सुपरमार्केट में गुलाबी रंग की शॉपिंग बास्केट रखी जाती हैं। इन्हें इस्तेमाल करने वाले सिंगल ग्राहक संकेत देते हैं कि वे बातचीत करने या किसी से मिलने-जुलने के लिए तैयार हैं। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए फिनलैंड ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिंगल लोगों को एक साथ आने और नए रिश्ते बनाने का मौका देने की पहल की है।




















