अक्टूबर में GST कलेक्शन में 23% की जोरदार तेजी, 2.31 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा राजस्व

देश के GST कलेक्शन में अक्टूबर 2026 के दौरान जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वस्तु एवं सेवा कर (GST) का कुल संग्रह सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 2.31 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया। घरेलू गतिविधियों में तेजी और आयात से मिलने वाले राजस्व में बड़ी बढ़ोतरी को इस उछाल की प्रमुख वजह माना जा रहा है। सरकार की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
घरेलू बिक्री से 1.59 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का GST
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में घरेलू बिक्री से मिलने वाला GST राजस्व सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। वहीं, आयात से प्राप्त राजस्व में 42 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह बढ़कर 72,246 करोड़ रुपये हो गया। अक्टूबर के कुल GST कलेक्शन में सेंट्रल GST (CGST) का योगदान 42,935 करोड़ रुपये रहा। स्टेट GST (SGST) से 51,340 करोड़ रुपये मिले जबकि इंटीग्रेटेड GST (IGST) का योगदान 1.37 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा।
रिफंड के बाद नेट GST कलेक्शन 26% बढ़ा
अक्टूबर में GST रिफंड में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान कुल रिफंड सालाना आधार पर 6.5 प्रतिशत बढ़कर 27,934 करोड़ रुपये रहा। रिफंड को एडजस्ट करने के बाद नेट GST कलेक्शन 26 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2.03 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया।इससे पता चलता है कि रिफंड के भुगतान के बाद भी सरकार के पास जमा होने वाले GST राजस्व में मजबूत वृद्धि बनी रही।
अप्रैल से अक्टूबर तक 14.77 लाख करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन
चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के बीच भी GST कलेक्शन में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इन सात महीनों के दौरान ग्रॉस GST कलेक्शन सालाना आधार पर 13.2 प्रतिशत बढ़कर 14.77 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया। वहीं इस अवधि में नेट GST कलेक्शन 13 प्रतिशत बढ़कर 12.69 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा। ये आंकड़े चालू वित्त वर्ष में अब तक GST राजस्व में लगातार बढ़ोतरी को दर्शाते हैं।
दिवाली से पहले महंगाई का झटका! GST से लेकर FASTag तक, 1 नवंबर से बदल गए ये 5 बड़े नियम
सितंबर में भी 2 लाख करोड़ रुपये के पार रहा था GST कलेक्शन
इससे पहले सितंबर 2026 में देश का ग्रॉस GST कलेक्शन सालाना आधार पर 14.7 प्रतिशत बढ़कर 2.03 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा था। हालांकि सितंबर में GST रिफंड 3 प्रतिशत घटकर 27,001 करोड़ रुपये रह गया था। रिफंड को घटाने के बाद सितंबर का नेट GST कलेक्शन 18.1 प्रतिशत बढ़कर 1.76 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा दर्ज किया गया था। ऐसे में अक्टूबर में ग्रॉस और नेट, दोनों तरह के GST कलेक्शन में दर्ज हुई तेज बढ़ोतरी राजस्व के मोर्चे पर मजबूत प्रदर्शन को दिखाती है।




















