ग्वालियर के GRMC मेडिकल कॉलेज में छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी छात्र फरार
कॉलेज परिसर के गर्ल्स टॉयलेट में की अश्लील हरकत, महिला थाने में दो अन्य दुष्कर्म के मामले भी दर्ज

ग्वालियर। शहर के प्रतिष्ठित गजरा राजे मेडिकल कॉलेज (GRMC) में छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास की एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। इस वारदात ने मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना को कॉलेज परिसर के टॉयलेट में ही सेकंड ईयर के एक छात्र ने अपनी ही क्लासमेट के साथ अंजाम दिया है। आरोपी ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता की शिकायत पर झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
प्रबंधन की लापरवाही से बढ़ी आरोपी की हिम्मत
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्रा और आरोपी छात्र नितेश कुशवाह दोनों ही जीआरएमसी में सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहे हैं। दोनों का एडमिशन साल 2025 हुआ था। छात्रा का आरोप है कि आरोपी नितेश (निवासी सिंधिया नगर) एडमिशन के समय से ही उसे परेशान कर रहा था और दोस्ती के लिए दबाव बना रहा था। पीड़िता ने इसकी शिकायत पहले भी कॉलेज प्रबंधन और शिक्षकों से की थी, लेकिन प्रबंधन ने इसे हल्के में लिया, जिससे आरोपी के हौसले बुलंद हो गए।
गर्ल्स बाथरूम में जबरन ले जाकर की वारदात
छात्रा ने पुलिस को बताया कि 28 अक्टूबर को सुबह करीब 10:30 बजे वह 1000 बिस्तर के नवीन जेएएच (JAH) अस्पताल में थी। तभी आरोपी नितेश वहां पहुंचा और उसकी गाड़ी की चाबी छीन ली।
वह जबरन छात्रा को पकड़कर जीआरएमसी कॉलेज के गर्ल्स बाथरूम में ले गया। वहां दरवाजा बंद कर आरोपी ने अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा से मारपीट की और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
डर के मारे पीड़िता तुरंत किसी को कुछ नहीं बता सकी, लेकिन 30 अक्टूबर को माता-पिता को आपबीती बताने के बाद 31 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। झांसी रोड थाना प्रभारी सुरभि शर्मा के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।




















