संभल:दोस्त ने की दोस्त की हत्या, स्विमिंग पूल में डुबोकर मार डाला; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

संभल। नखासा थाना क्षेत्र में स्विमिंग पूल में नहाने गए युवक की हत्या ने सभी को झकझोर दिया है। आरोपी ने सोहिल को करीब दो मिनट तक पानी में दबाए रखा, जिससे उसकी मौत हो गई। ये पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दोस्त ने की दोस्त की हत्या
पीपली रहमापुर मिलक गांव निवासी 18 वर्षीय सोहिल अपने दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गया था। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उसे निशाना बनाया। दोनों लोग स्विमिंग पूल में नहा रहे थे, लेकिन कुछ ही देर में सोहिल पानी के अंदर गायब हो गया। काफी देर तक किसी को उसकी जानकारी नहीं लगी। बाद में जब एक अन्य युवक पूल में कूदा तो उसके पैर में सोहिल का शव फंस गया। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें: दमदार एक्टर रमाकांत दायमा का निधन! फिल्मी सितारों ने दी श्रद्धांजलि, थिएटर से OTT तक रहा शानदार सफर
सीसीटीवी फुटेज ने खोला हत्या का राज
शुरुआत में परिवार को लगा कि यह हादसा हो सकता है, लेकिन सोहिल को तैरना आता था, इसलिए उन्हें शक हुआ। परिजनों ने जब स्विमिंग पूल की सीसीटीवी फुटेज देखी तो सच सामने आ गया। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि आरोपी युवक ने सोहिल को जबरन पानी के अंदर दबाए रखा। करीब दो मिनट तक वह उसे बाहर नहीं आने दे रहा था। इस दौरान सोहिल खुद को बचाने के लिए छटपटाता रहा, लेकिन आरोपी लगातार उसे दबोचे रहा। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
जानकारी के मुताबिक मृतक और आरोपी के बीच पहले भी गांव में विवाद हो चुका था। माना जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। स्विमिंग पूल मालिक ने भी सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद इसे हत्या का मामला बताया है। घटना के समय पूल में कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी का ध्यान इस ओर नहीं गया। आरोपी लगातार इधर-उधर देखता रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: UP News: टोल प्लाजा पर अब बजेंगे भजन और देशभक्ति गीत, गाजियाबाद से हुई शुरूआत
परिवार में छाया मातम
सोहिल की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप लगातार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गांव में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अवैध रूप से चल रहे स्विमिंग पूल पर पहले ही कार्रवाई होनी चाहिए थी। परिवार ने प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। हालांकि अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है और पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया है।












